मौसम की जानकारी: छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश… जानें मौसम विभाग का अनुमान..



रायपुर: छत्तीसगढ़ में 20 जून से मानसूनी बारिश ने दस्तक दे दी है। 16 जून को प्रदेश के बस्तर और दुर्ग संभाग में मानसून ने पहले ही दस्तक दे दी थी। लेकिन अब तक पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश देखने को नहीं मिली है। राजधानी में सोमवार की शाम गरज चमक के साथ कुछ देर तक हल्की बारिश हुई। जिसके बाद फिर से उमस भरी गर्मी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग की माने तो बंगाल की खाड़ी में तगड़ा सिस्टम नहीं बन पाया है। जिसके कारण प्रदेश में ठीक से बारिश नहीं हो पा रही है। सोमवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री दर्ज किया गया। बात अगर प्रदेश के अधिकतम तापमान की तरह तो प्रदेश के अन्य शहरों में 29 से लेकर 36 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि “एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा मध्य प्रदेश के मध्य भाग में 3.1 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक पूरब पश्चिम द्रोणिका दक्षिण पश्चिम राजस्थान से उत्तर छत्तीसगढ़ होते हुए पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी तक 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। जिसके प्रभाव से मंगलवार को प्रदेश के कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। इसके साथ ही प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली भी गिर सकती है।”