रायपुर। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन बुधवार सुबह लगभग 10 बजे रायपुर पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर राज्यपाल रमेन डेका, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित कई मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने उनकी अगवानी की। विमानतल पर औपचारिक स्वागत के तुरंत बाद उपराष्ट्रपति सीधे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए रवाना हो गए।
इस गरिमामयी समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, एम्स रायपुर के अध्यक्ष प्रो. डॉ. संजीव हांडा, एम्स गुवाहाटी के प्रो. अशोक पुरानिक, एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल नरेंद्र कोतवाल तथा स्वास्थ्य मंत्रालय के पीएमएसएसवाय निदेशक सचिन कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे।
उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर मुख्य सचिव विकासशील ने स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली और सभी इंतज़ामों की गहन समीक्षा की। हालांकि, वीवीआईपी काफिले के सुरक्षा रिहर्सल के चलते सुबह सरोना रिंग रोड से टाटीबंध चौक के बीच आम मुसाफिरों को भारी ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ा। तय कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 12:30 बजे दीक्षांत समारोह संपन्न होने के बाद उपराष्ट्रपति वापस स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे और दोपहर 1:30 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
