45 वर्ष से अधिक आयु के सभी व्यक्तियों को लगाई जाएगी वैक्सीन… स्वास्थ्य विभाग ने सभी कलेक्टर को जारी किया निर्देश..

रायपुर। भारत शासन के निर्देशनुसार एक अप्रैल से राज्य में 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी व्यक्तियों को कोरोना वैैक्सीन लगाया जाना है। इसके लिए अब डाॅक्टर के सर्टिफिकेट की आवश्यक नही होगी। 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गो को पहले की तरह वैक्सीन लगती रहेगी।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस संबंध में सभी कलेक्टरों को निर्देश जारी किए गए हैं कि सभी जिलों में 45 वर्ष से अधिक व्यक्तियों का टीकाकरण सुनिश्चित करने की व्यापक योजना बनाई जाए। भारत सरकार के अनुमान से 45 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति कुल जनसंख्या का 20 प्रतिशत होंगे।

इस मान से राज्य में 58 लाख 66 हजार से अधिक व्यक्ति इस समूह में आते हैं और इनका टीकाकरण किया जाना है।

स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि 1 जनवरी 2021 को जो 45 वर्ष के हो जाएंगे या इससे अधिक उम्र के सभी व्यक्ति कोरोना वैक्सीन अवश्य लगवाएं। वैैक्सीन लगाने के बाद भी कोरोना अनुकूल व्यवहार का पालन करना आवश्यक है।