कोरोना सघन सामुदायिक सर्वे अभियान के तहत 55.92 लाख घरों में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर-घर जाकर ली कोरोना संभावितों की जानकारी

रायपुर : कोविड-19 के लक्षणात्मक मरीजों की पहचान के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रदेश भर में संचालित कोरोना सघन सामुदायिक सर्वे अभियान के तहत 55 लाख 92 हजार 394 घरों में सर्वे किया गया। इस दौरान कोरोना से मिलते-जुलते लक्षण वाले एक लाख 16 हजार 250 लोगों की पहचान की गई।

कोरोना संक्रमण की पुष्टि के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा इनमें से एक लाख सात हजार 414 लोगों का रैपिड एंटीजन टेस्ट कराया गया जिसमें आठ दिनों में कुल 6571 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अभियान के दौरान कोरोना संक्रमण जैसे लक्षणों से पीड़ित पाए गए 92.4 प्रतिशत व्यक्तियों की जांच की गई है।

प्रदेश के सभी जिलों में 5 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक आठ दिनों तक सघन सामुदायिक सर्वे संचालित किया गया है जिसमे घर-घर जाकर कोविड-19 के संभावित मरीजों की जानकारी जुटाने स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीण और शहरी इलाकों में मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका, बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के दल बनाए गए थे।

कोरोना सघन सामुदायिक सर्वे अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की टीम आठ दिनों में रायपुर जिले में चार लाख 12 हजार 428 घरों में, बलौदाबाजार-भाटापारा में दो लाख 39 हजार 337, धमतरी में एक लाख 65 हजार 360, गरियाबंद में एक लाख 56 हजार 935, महासमुंद में दो लाख 32 हजार 432, बिलासपुर में तीन लाख 91 हजार 392, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 76 हजार 162, जांजगीर-चांपा में तीन लाख 48 हजार नौ, कोरबा में दो लाख 80 हजार 155, मुंगेली में एक लाख 43 हजार 469, रायगढ़ में तीन लाख 29 हजार 251, बालोद में दो लाख 17 हजार 913, बेमेतरा में एक लाख 43 हजार 652 और दुर्ग में तीन लाख 16 हजार 717 घरों में पहुंची।

अभियान के दौरान कबीरधाम जिले में एक लाख 81 हजार 835, राजनांदगांव में तीन लाख 56 हजार 464, बलरामपुर-रामानुजगंज में एक लाख 71 हजार 267, जशपुर में एक लाख 99 हजार 635, कोरिया में एक लाख 38 हजार 845, सूरजपुर में एक लाख 67 हजार 286, सरगुजा में दो लाख 14 हजार 238, बस्तर में एक लाख 84 हजार 045, बीजापुर में 41 हजार 887, दंतेवाड़ा में एक लाख चार हजार 016, कांकेर में एक लाख 63 हजार 355, कोंडागांव में एक लाख 39 हजार 502, नारायणपुर में 24 हजार 891 तथा सुकमा में 51 हजार 916 घरों में सर्वे कर कोरोना के लक्षण वाले संदिग्ध मरीजों की जानकारी ली गई।