छत्तीसगढ़ : अनियंत्रित ट्रक ने साइकल सवारों को मारी टक्कर…. कॉलेज जा रही छात्रा की मौत… 4 गंभीर रूप से घायल

धमतरी। मंगलवार दोपहर एक अनियंत्रित ट्रक ने साइकिल सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि 2 छात्राओं सहित 4 लोग घायल हो गए हैं। छात्राएं साइकिल से कॉलेज जा रही थीं। हाईवे पेट्रोलिंग पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। टक्कर के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। हादसा भखारा क्षेत्र में हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, कोल्यारी निवासी अरुणा साहू (21) पिता मोरध्वज साहू, नीलम साहू (20) पिता तमन साहू और लेखनी साहू (20) पिता हेमंत साहू सिहाइद कॉलेज की छात्राएं हैं। तीनों मंगलवार सुबह दोपहर करीब 12 बजे कॉलेज जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों छात्राएं सड़क पर गिर पड़ीं।

इसके बाद ट्रक ने आगे जा रहे दो साइकिल सवारों को भी चपेट में ले लिया। इसके चलते दोनों साइकिल सवार कोसमर्रा निवासी तनुज सेन (42) और ईश्वर कोटवार भी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची हाईवे पेट्रोलिंग पुलिस ने सभी को एंबुलेंस से कुरुद अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान छात्रा अरुणा साहू ने दम तोड़ दिया है। अन्य सभी घायलों को उपचार जारी है।