बलरामपुर..(कृष्णमोहन कुमार)..छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार का आगाज 1 मई से हो गया है. जिसकी औपचारिक शुरुआत छत्तीसगढ़ के सिरमौर पर स्थित बलरामपुर जिले से होने जा रही है. इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बलरामपुर जिला मुख्यालय में विभिन्न विभागों के विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे. हालांकि मुख्यमंत्री के दौरे के कार्यक्रम को लेकर इन पंक्तियों के लिखे जाने तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद अप्रैल, मई और जून के महीनों में चिलचिलाती धूप में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का नब्ज टटोलने का ट्रेंड चल पड़ा है. जिसे अलग-अलग सरकारों ने अलग-अलग नाम भी दिया है..इस बार “सुशासन तिहार” तत्कालीन भूपेश सरकार के भेंट मुलाकात कार्यक्रम की तर्ज पर बलरामपुर से शुरू होने जा रहा है.
ऐसे में अब संभावनाएं है की 3 और 4 मई के दरम्यान सुशासन की सरकार का उड़न खटोला बलरामपुर जिले के किसी भी गांव में उतर सकता है. इधर सुशासन तिहार की तैयारियां कलेक्टर राजेंद्र कटारा के नेतृत्व में जोरो पर है.
