विवाह से पहले युवक-युवती ने किया विषपान

विवाह से पहले युवक-युवती ने किया विषपान
युवती की मौत, युवक का उपचार जारी
अम्बिकापुर 
विवाह तय हो जाने के बाद युवती से मिलने उसके घर पहुंचे युवक के बीच ऐसा क्या हुआ कि दोनांे ने विषपान कर लिया। गंभीर स्थिति में दोनों को जिला अस्पताल लाया गया जहां युवती ने दम तोड़ दिया। युवक की हालत सामान्य है। युवती के पिता का कहना है कि वह रात लगभग 11 बजे युवक को घर से बाहर निकलते हुये देखा था। या तो युवती ने स्वयं जहर सेवन किया या फिर युवक ने उसे जहर पिलाकर खुद पीने का नाटक किया। इस बात से पर्दा नहीं उठ सका है। पूरे मामले में अभी भी यह बात साफ नहीं हो सकी है कि किन परिस्थितियों में दोनों ने यह कदम उठाया होगा। घटना पे्रमनगर थाना क्षेत्र के ग्राम उमेश्वरपुर की है।
जानकारी के अनुसार उमेश्वरपुर निवासी अमोल सिंह की पुत्री हीरामति जो कक्षा बारहवी की छात्रा थी। उसका विवाह रामानुनगर के दुर्गापुर निवासी दिलराज पिता वीरसिंह से तय हो गया था। विवाह तय होने के बाद दिलराज अक्सर हीरामति से मिलने आता था। बीती रात लगभग 11 बजे दिलराज हीरामती से मिलने पहुंचा था। अमोल सिंह व उसकी पत्नी सामने के कमरे में सो रहे थे। अंदर के कमरे में हीरामती व उसकी छोटी बहन संतरा सो रही थी। अचानक अमोल सिंह की नींद खुली तो उसने दिलराज को घर से निकलते देखा। पिेछे से लड़खड़ाती हुई पुत्री को देख वह उसे पकड़ा तो पता चला कि उन दोनों ने कुछ कीटनाशक पी लिया है। दोनों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। युवती की स्थिति ज्यादा गंभीर थी। दोनों को जिला अस्पताल में रेफर किया गया जहां युवती की मौत हो गई। युवक का कहना है कि हीरामती ने उसे फोन करके घर बुलाया था। हीरामती ने जहर क्यों पिया और दिलराज ने उसका साथ क्यो दिया। इसका  जवाब युवक द्वारा नहीं देना कई प्रकार के संदेह को जन्म दे रहा है।