अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..भारत रत्न स्व अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में वार्ड क्र-10 में बनाया गया अटल परिसर अव्यवस्था का शिकार हो गया।देखरेख एवं साफ सफाई के अभाव में अटल परिसर के चारो तरफ गंदगी बिखरा पड़ा है।आलम ये है कि शाम ढलते ही अटल परिसर पूरी तरह घुप्प अंधेरे में डूब जाता है।अफसोस की बात यह है कि इतना भारी भरकम अमला होने के बाद भी नगर पंचायत उदासीन बना बैठा है।भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में बना अटल परिसर की ऐसी दुर्दशा देख नगरवासी खासे नाराज है।उन्होंने इस दुर्दशा के लिए नगर पंचायत को जिम्मेदार ठहराते हुए अटल परिसर की व्यवस्था में सुधार करने की मांग की है।
विदित हो कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के स्मृतियों को सहेजने नगर पंचायत द्वारा वार्ड क्र-10 में अटल परिसर का निर्माण कराया गया था।इस निर्माण का मुख्य उद्देश्य नगर में सुशासन और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने उनके आदर्श एवं राष्ट्रवादी विचारों से युवा पीढ़ी को अवगत कराने समेत अटल परिसर को सामाजिक एवं सांस्कृतिक केंद्र बनाना था।इसके अलावा परिसर के आसपास पार्क का विकास एवं नागरिकों के लिए बेहतर सुविधाएं प्रदान करना था।इसी सकारात्मक सोच के साथ अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन के अवसर पर अटल परिसर का लोकार्पण किया गया था।लोकार्पण के बाद काफी दिनों तक यहाँ सब कुछ ठीकठाक था रात होते ही दूधिया रोशनी से अटल परिसर जगमगा उठता था।
लेकिन जैसे जैसे दिन बितता गया अटल परिसर में अव्यवस्था हावी होने लगा।देखरेख एवं साफ सफाई के अभाव में अटल परिसर के चारो तरफ गंदगी ने अपना डेरा जमा लिया है।वही शाम ढलते ही जो अटल परिसर दूधिया रोशनी में नहा उठता था अब शाम ढलते ही घुप्प अंधेरे में समा जाता है।आज कई दिन हो गए अटल परिसर का ये हाल हुए पर अभी तक किसी की नजर इस ओर नही गया और न ही किसी ने इसकी सुध ली।जबकि नगर पंचायत में अध्यक्ष समेत पंद्रह पार्षदों के अलावा अधिकारी कर्मचारियों की भारी भरकम फौज है।इसके बाद भी मुख्य मार्ग के किनारे स्थापित अटल परिसर की ओर किसी का ध्यान नही जाना ये बड़ी चिंता का विषय है।भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में बने अटल परिसर के प्रति जिम्मेदार नगर पंचायत का उदासीन रवैया देख नगरवासियों में काफी आक्रोश है।
नगरवासियों का कहना है कि अटल परिसर की इस बदहाली के लिए नगर पंचायत जिम्मेदार है।उन्होंने चिंता जताते हुए कहा दिन के उजाले में तो ठीक है पर कही रात के अंधेरे में किसी ने अटल जी की प्रतिमा से छेड़छाड़ कर दी या किसी तरह का नुकसान पहुंचा दिया तो इसका जिम्मेदार कौन होगा।क्योंकि रात जो अटल परिसर के आसपास शराबखोरी होती है और देर रात तक शराबी वहाँ डटे रहते है।ऐसे में अगर किसी ने प्रतिमा से छेड़छाड़ कर दी या किसी तरह का नुकसान पहुंचा दिया तो इससे नगर में अराजकता बढ़ेगी और माहौल खराब होगा।नगर के लोगो ने बदहाल अटल परिसर की व्यवस्था में सुधार लाने की मांग की है ताकि अटल परिसर का उद्देश्य पूरा हो सके।
इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेमदान कुजूर ने तत्काल मरम्मत की बात कही है।उन्होनें कहा कि इसमे जिसकी भी लापरवाही सामने आयेगी उसके विरुद्ध कार्यवाही की जायेगी।
