सरेंडर महिला नक्सली ने फंदा लगाकर दी जान… ट्रांजिट बैरक के बाथरूम में लटकता मिला शव

दंतेवाड़ा। मंगलवार शाम एक सरेंडर महिला नक्सली ने आत्महत्या कर ली। उसका शव DRG के ट्रांजिट होस्टल में फंदे से लटकता हुआ मिला। महिला नक्सली के सुसाइड का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। महिला नक्सली ने 4 दिन पहले ही सरेंडर किया था। SP अभिषेक पल्लव ने इसकी पुष्टि की है।

जानकारी के मुताबिक, गुडसे, कटेकल्याण निवासी कुमार पांडे कवासी (20) ने 19 फरवरी को 5 अन्य महिला नक्सलियों के साथ सरेंडर किया था । इसके बाद से ही DRG के ट्रांजिट होस्टल (विश्राम गृह) में पुलिसकर्मियों की निगरानी में रह रही थी।

बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम करीब 4.30 बजे उसने नहाने जाने की बात कही और बाथरूम में गई। नल से पानी गिरने की आवाज़ आ रही थी, लेकिन करीब 20 मिनट बाद भी जब वो बाहर नहीं आई तो महिलाकर्मियों ने धक्का देकर दरवाज़ा खोला। अंदर कुंडी नहीं होने से दरवाज़ा एक झटके से खुल गया। अंदर खिड़की से पांडे कवासी का उसके ही दुपट्टे से शव लटक रहा था।

इस पर दोनों महिला कर्मियों ने उसका शव नीचे उतारा और उच्चधिकारियों को सूचना दी। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल उसकी सुसाइड को लेकर जांच की जा रही है।