सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में अवैध जुआ कारोबार को संरक्षण देने के आरोप में पुलिस विभाग के भीतर ही बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक हुई है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) आईपीएस योगेश कुमार पटेल ने सख्त रुख अपनाते हुए प्रतापपुर थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जुआरियों के साथ कथित मिलीभगत का खुलासा होने के बाद हुई इस कार्रवाई से पूरे जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
इस पूरे मामले की शुरुआत 27 नवंबर को हुई, जब एसपी योगेश कुमार पटेल को प्रतापपुर बस स्टैंड के पास बड़े पैमाने पर जुआ फड़ संचालित होने की गोपनीय सूचना मिली। मामले की गंभीरता को भांपते हुए एसपी ने स्थानीय थाने को दरकिनार कर सीधे जिला स्तरीय पुलिस टीम को छापेमारी के निर्देश दिए। टीम ने मौके पर दबिश देकर सात जुआरियों को रंगे हाथों धर दबोचा। आरोपियों के पास से 99 हजार 600 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, सात मोबाइल फोन और जुए से जुड़े अन्य दस्तावेज व चालान जब्त किए गए।
छापेमारी के बाद हुई प्रारंभिक जांच में जो तथ्य सामने आए, उन्होंने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। जांच में पता चला कि प्रतापपुर निवासी जयभगवान अग्रवाल कथित तौर पर स्थानीय पुलिसकर्मियों की मिलीभगत से इस अवैध फड़ का संचालन कर रहा था। क्षेत्र में खुलेआम जुआ चलने के बावजूद प्रतापपुर पुलिस की निष्क्रियता और संदिग्ध भूमिका को प्रथम दृष्टया गंभीर लापरवाही मानते हुए एसपी ने कड़ा कदम उठाया।
एसपी के आदेश पर प्रतापपुर थाने में पदस्थ थाना प्रभारी (निरीक्षक) दिनेश पुरैना, उप निरीक्षक विवेक खलखो और आरक्षक राजेश तिवारी, भीमेश राम व राजकुमार पासवान पर निलंबन की गाज गिरी है। निलंबित किए गए सभी पांचों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) सूरजपुर संबद्ध कर दिया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान वे सक्षम अधिकारी की पूर्व लिखित अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे और उन्हें केवल नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता ही देय होगा।
जिले में जुए के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के साथ-साथ अपने ही विभाग के दागी कर्मचारियों पर हुई इस सीधी कार्रवाई ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि अवैध गतिविधियों में किसी भी स्तर पर संरक्षण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल सभी की नजरें आगे होने वाली विभागीय जांच पर टिकी हैं, जिसमें आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ और भी कठोर दंडात्मक कदम उठाए जा सकते हैं।
