जगदलपुर। शहर से सटे नियानार बाईपास पर बीती देर रात रफ्तार के कहर ने दो जिंदगियां लील लीं। एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को बेरहमी से कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की शिनाख्त डमरूधर नाग और प्रदीप कश्यप के रूप में की गई है।
हादसे की सूचना मिलते ही परपा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर ट्रक चालक की तलाश और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय बाशिंदों का कहना है कि नियानार बाईपास का यह मोड़ ‘ब्लैक स्पॉट’ बनता जा रहा है, जहां सड़कों की खराब स्थिति और बेलगाम दौड़ते वाहनों के चलते पहले भी कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
इधर, गुरुवार को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें गमगीन परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है।
