रायपुर। हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली 200 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक उपलक्ष्य में रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आज यानी 30 मई, शनिवार को ‘पत्रकारिता गौरव मार्तंड उत्सव’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। वीआईपी रोड स्थित श्रीराम मंदिर परिसर के सुंदर सदन में आयोजित होने वाले इस गरिमामयी कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। इस उद्घाटन सत्र में विशिष्ट अतिथि के रूप में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और सांसद बृजमोहन अग्रवाल शामिल होंगे। इस विशेष अवसर पर देश के वरिष्ठ पत्रकार, प्रख्यात शिक्षाविद और इंडिया हैबिटेट सेंटर के निदेशक के.जी. सुरेश भी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। कुल चार सत्रों में होने वाले इस पूरे आयोजन में देश और राज्य के कई दिग्गज पत्रकार और प्रबुद्धजन जुट रहे हैं।
शुभारंभ सत्र के संपन्न होने के बाद हिंदी पत्रकारिता की दो सदियों की यात्रा और इसकी ऐतिहासिक उपलब्धियों पर केंद्रित दो चरणों की एक विशेष व्याख्यानमाला आयोजित की जाएगी। दोपहर में शुरू होने वाले प्रथम सत्र का विषय ‘स्याही से स्क्रीन तक: संभावनाएं एवं चुनौतियां’ रखा गया है। इस गंभीर विषय पर मुख्य वक्ता के तौर पर वरिष्ठ पत्रकार एवं चिंतक हर्षवर्धन त्रिपाठी, माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कुलपति विजय मनोहर तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार व साहित्यकार गिरीश पंकज, विचारक करीमुद्दीन तथा आज की जनाधारा के प्रधान संपादक सुभाष मिश्रा अपने विचार साझा करेंगे।
इसके तुरंत बाद, शाम 4 बजे से व्याख्यानमाला का दूसरा सत्र शुरू होगा, जिसका विषय ‘पत्रकारिता: न्यूज रूम से न्यू मीडिया तक संभावनाएं एवं चुनौतियां’ है। इस सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रवाणी के प्रधान संपादक अमिताभ अग्निहोत्री, बंसल न्यूज के प्रधान संपादक शरद द्विवेदी, आईबीसी 24 के मैनेजिंग एडिटर विश्वेश ठाकरे, वरिष्ठ पत्रकार व विचारक रुद्र अवस्थी और वरिष्ठ पत्रकार अनिल पुसदकर मंच साझा करेंगे।
वैचारिक विमर्श के इन सत्रों के समापन के बाद, शाम 6 बजे से एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। गीत-संगीत से सजी इस शाम में पत्रकार साथी भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे और अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस पूरे भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, सहसचिव निवेदिता साहू और भूपेश जांगड़े ने शहर के समस्त पत्रकारों, बुद्धिजीवियों तथा गणमान्य नागरिकों से कार्यक्रम में सपरिवार शामिल होने का आत्मीय आग्रह किया है।
