नई दिल्ली। देश की राजधानी स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में स्वतंत्रता वीर सावरकर जयंती के अवसर पर एक गरिमामयी समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में ‘माय होम इंडिया’ संगठन द्वारा समाजसेवा, सनातन संस्कृति के संरक्षण और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए श्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव को प्रतिष्ठित “हिंदू केसरी सेवा, सुरक्षा एवं समरसता पुरस्कार” से सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि यह प्रतिष्ठित सम्मान इससे पूर्व सुदर्शन न्यूज के प्रधान संपादक सुरेश चव्हाणके को भी प्रदान किया जा चुका है।
इस भव्य समारोह में मुख्य अतिथियों के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी, प्रखर राष्ट्रवादी संत पूज्य स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती, महाराष्ट्र सरकार के मंत्री जयकुमार रावल, पूर्व केंद्रीय मंत्री व वरिष्ठ राजनेता सत्यनारायण जटिया और माय होम इंडिया के संस्थापक सुनील देवधर विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने समाज में समरसता के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
पुरस्कार से सम्मानित प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, स्वर्गीय कुमार दिलीप सिंह जूदेव द्वारा प्रारंभ किए गए ऐतिहासिक “घर वापसी अभियान” को निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं। इस अभियान के तहत अब तक हजारों धर्मांतरित हिंदू भाइयों की वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ घर वापसी कराकर उन्हें पुनः सनातन संस्कृति से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया जा चुका है।
इस अवसर पर आभार व्यक्त करते हुए प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए अत्यंत सौभाग्य और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने अपने पूज्य पिता स्वर्गीय कुमार दिलीप सिंह जूदेव को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन सनातन संस्कृति, राष्ट्रसेवा और सामाजिक समरसता के लिए समर्पित कर दिया था और उन्हीं के आदर्शों व आशीर्वाद से वह इस अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने संकल्प दोहराया कि यह सम्मान उन्हें समाजहित और राष्ट्रहित में कार्य करने की नवीन ऊर्जा देता है, और सनातन संस्कृति की रक्षा, सुरक्षा तथा समरसता का यह अभियान भविष्य में भी पूरी निष्ठा व समर्पण के साथ निरंतर जारी रहेगा।
