बस्तर में स्पंदन अभियान के तहत् ‘‘मावा आलसना’’ कार्यक्रम का आयोजन, जानिए क्या है ‘‘मावा आलसना’’

बस्तर। संभाग मुख्यालय जगदलपुर में आज समस्त सातों जिलों के बल सदस्यों के लिए 01 दिवसीय कार्यशाला का आयोजन शौर्य भवन में किया गया। जिसमें अपराधों की विवेचना, आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम, कानून व्यवस्था एवं नियंत्रण एवं पुलिस के अधिकारी व कर्मचारियों में व्यावसायिक पुलिसिंग कार्यवाही की क्षमता बढ़ाने उद्देश्य से आयोजित इस कार्यशाला में बस्तर रेंज के जिला बस्तर, दन्तेवाड़ा, कांकेर, बीजापुर, नारायणपुर, सुकमा एवं कोण्डागांव में पदस्थ पुलिस अधीक्षक से लेकर सहायक आरक्षक स्तर तक अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यशाला में बेहतर पुलिसिंग के संबंध में व्यावसायिक दक्षता एवं क्षमता बढ़ाने हेतु अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा अपना विचार व्यक्त किया गया।

पुलिस मुख्यालय, रायपुर द्वारा जारी की गई मार्गदर्शन के अनुसार बस्तर संभाग में पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों की कार्यप्रणाली में सकारात्मक परिवर्तन ले आने तथा अधि./कर्मचारियों की व्यक्तिगत समस्याओं व उनके तनाव का दूर करने के उद्देश्य से ‘‘स्पंदन’’ अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत् बस्तर संभाग में पदस्थ सहायक आरक्षक से लेकर राजपत्रित अधिकारी तक सभी से पुलिस कल्याणकारी गतिविधियों पर विचार प्राप्त करने हेतु ‘‘मावा आलसना’’ आयोजित की गई। बस्तर के स्थानीय गोंडी भाषा में ‘‘मावा आलसना’’ का मतलब है- हमारा विचार।

कार्यशाला में अधिकारी एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की दिनचर्या, चुनौतियां, विभागीय कार्यप्रणाली, पारिवारिक जीवन और व्यक्तिगत समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की गई। जिसमें बस्तर संभाग के बीजापुर, सुकमा, नारायणपुर, कोण्डागांव, कांकेर, दन्तेवाड़ा एवं बस्तर के अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात  इन कर्मचारियों द्वारा बिना किसी प्रकार के संकोच के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष अपना विचार प्रकट किया गया।

पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज सुन्दरराज पी. द्वारा आज के इस कार्यशाला में उपस्थित सभी बल के सदस्यों से अपना व्यावसायिक क्षमता के माध्यम से पुलिसिंग में सकारात्मक परिवर्तन करते हुये जनता का विश्वास अर्जित करने की दिशा में बेहतर कार्य करने की सुझाव दिये गए। साथ ही पुलिस बल के सदस्यों एवं उनके परिवार से संबंधित कल्याणकारी गतिविधियों के संबंध में आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया गया।

आज के इस कार्यशाला में पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज सुन्दरराज पी., पुलिस अधीक्षक बस्तर, दीपक झा, पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव, सिद्धार्थ तिवारी एवं संभाग के सातों जिला से समस्त रैंक के कुल 42 पुलिस बल के सदस्यगण उपस्थित रहे।