अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..नगर पंचायत द्वारा खुले में कचरा डंप करने से वार्ड का माहौल दूषित हो गया है।कचरे से उठने वाली दुर्गन्ध ने वार्डवासियों का जीना मुहाल कर दिया है।इस संबंध में प्रभावित लोगों ने रिहायशी इलाके से दूर कचरा डंप कराने की मांग की है।ताकि प्रदूषित माहौल और दुर्गंध से रिहायशी इलाके के लोगो को निजात मिल सके।लोग स्वच्छ एवं खुले वातावरण में बिना किसी परेशानी के रह सके।
विदित हो कि वार्ड क्र-10 के होलिका दहन मैदान में नगर पंचायत द्वारा शहर का पूरा कचरा लाकर डंप किया जा है।जिसकी वजह से वार्ड का माहौल काफी गंदा एवं प्रदूषित हो गया है।होलिका दहन मैदान के आसपास रिहायशी क्षेत्र होने की वजह कचरे से उठने वाली सड़ांध ने लोगो का जीना मुहाल कर दिया है।इस संबंध में नगर पंचायत को कई बार अवगत कराने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई।जिसकी वजह से आसपास के रहवासियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।काफी लंबे समय से वहाँ कचरा डंप होने की वजह से लोगों को स्वास्थ्यगत समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।सालों से पड़ा कचरा सड़ने की वजह से अब वहाँ मक्खी मच्छर पनपने लगे है।जिससे मलेरिया डेंगू चिकनगुनिया एलर्जी उल्टी दस्त जैसी संक्रामक रोगों का खतरा बढ़ गया है।
इसके अलावा कचरे को जलाने की वजह से निकलने वाले धुंए से वायु प्रदूषण काफी बढ़ जाता है।जो लोगो की सेहत के लिये काफी घातक साबित हो सकता है।कचरे की वजह से होने वाली परेशानी और बीमारियों का हवाला देते हुए लोगो ने अपनी समस्या से कई बार नगर पंचायत को अवगत कराया।लेकिन कचरा डंप के लिए अन्य कोई उपयुक्त जगह नही होने के कारण नगर पंचायत ने वहाँ कचरा डंप करना जारी रखा।जो आज वार्डवासियों के लिए जी का जंजाल बन गई है।इस संबंध में वार्डवासियों ने नगर पंचायत को अपनी परेशानी एवं संभावित बीमारियों का हवाला देते हुए कचरा अन्यत्र कहि डंप कराने की मांग की है।ताकि वार्डवासीयो को दूषित माहौल से निजात मिल सके और लोग स्वच्छ वातावरण में खुलकर रह सके।
इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेमदान कुजूर ने कहा कि शहर में कचरा डंप करने के लिए जगह का अभाव है।इसलिए मजबूरी में फिलहाल वहाँ कचरा डंप किया जा रहा है।इसके साथ ही नगर पंचायत वैकल्पिक व्यवस्था तलाश रही है जहाँ शहर का कचरा डंप किया जा सके।
