साहब लड़के ने मेरी बेटी को मार दिया या बेच दिया… बूढ़े बाप की पुलिस से फरियाद

गृहमंत्री के साथ पुलिस से कई बार गुहार,नहीं मिल रही कोई मदद

गृहमंत्री के विधानसभा क्षेत्र के प्रतापपुर थाना और खड़गवां चौकी का मामला

सूरजपुर-(रक्षेन्द्र प्रताप सिंह) नाबालिग लड़की को भगा कर ले जाने वाला लड़का तो वापस आ गया किन्तु साथ में भगी लड़की का पता नहीं चल रहा है,परिजनों ने लड़के द्वारा उनकी लड़की को बेचने या हत्या करने की शंका व्यक्त करते हुए कई कई बार पुलिस से गुहार लगाई है लेकिन पुलिस से उनको कोई मदद नहीं मिल रही है। मामला ऐसी वैसी जगह का नहीं बल्कि गृहमंत्री के विधानसभा क्षेत्र के प्रतापपुर थाना और खड़गवां चौकी का है जहां आरोपी लड़का स्वतन्त्र घूम रहा है और लड़की कई महीनों से लापता है।
मिली जानकारी के अनुसार दलदली गांव के रामस्वरूप पनिका का गाँव की ही नाबालिक राजकुमारी उरॉव से प्रेम सम्बन्ध था,2012 में दोनों गाँव से भागकर सूरजपुर विकासखण्ड के ग्राम लटोरी में लड़के की बहन के यहां पति पत्नी के रूप में रहने लगे,कुछ महीने वहां रहने के बाद दोनों गाँव वापस आ गए और लड़के के घर में ही साथ साथ रहने लगे किन्तु कुछ दिनों बाद ही दोनों में झगड़ा होने लगा जिसके बाद रामस्वरूप फिर राजकुमारी को लटोरी छोड़ आया और खुद धर्मपुर में एक दुकान में काम करने लगा । कई महीनों तक लड़का राजकुमारी से मिलने लटोरी जाता था किंतु उसने अचानक वहां जाना बंद कर दिया। करीब दो वर्षों तक सब् कुछ देखने के बाद लड़की के परिजनों को शक होने लगा तब उन्होंने रामस्वरूप से अपनी लड़की के बारे में पूछना चालू कर दिया,कई दिनों तक लड़का कोई जवाब नहीं देता था और फिर गोल मोल जवाब देने लगा। लड़के की बातों से परिजनों में शक गहराने लगा और उन्हें यह डर सताने लगा कि रामस्वरूप ने उनकी लड़की के साथ कुछ कर तो नहीं दिया तब उन्होंने पुलिस से मदद लेने का निर्णय लिया जिसके बाद मई 2016 में प्रतापपुर थाना में लिखित शिकायत की थी किन्तु पुलिस ने मामले को अनसुना कर यूँ ही छोड़ दिया,इसके कई महीनों बाद फरवरी 2017 उन्होंने गृहमंत्री रामसेवक पैकरा से फरियाद की किन्तु यहां से भी ठोस पहल नहीं हुई और उन्होंने औपचारिकता पूरी करते हुए आवेदन में प्रतापपुर पुलिस को जांच करने मार्क कर दिया जिसके बाद भी पुलिस ने कोई जांच कार्यवाही नहीं की। पुलिस के कई चक्कर काटने के बाद उन्होंने पुनः खड़गावां चौकी में आवेदन दे जांच और उनकी बेटी वापस लाने की मांग की। लड़की के पिता और न्याय के लिए दर दर भटक रहे मोहर लाल ने बताया कि कई महीनों से वे न्याय के लोए भटक रहे हैं किंतु पुलिस उनकी बात सुनने को ही तैयार नहीं है।

प्रतापपुर पुलिस ने गृहमंत्री के निर्देश के बाद भी कुछ नहीं किया और अब खड़गवां चौकी वाले भी जांच के नाम पर खाना पूर्ति कर रहे हैं। मेरी बेटी को बहला फुसला कर शादी का झांसा दे भगाकर ले जाने वाला गाँव में ही स्वतन्त्र घूम रहा है लेकिन पुलिस उसका कुछ नहीं कर रही है। मोहर लाल ने बताया कि वे पुलिस के कई महीनों से चक्कर काट रहे हैं लेकिन पुलिस को फर्क ही नहीं पड़ रहा है जबकि रामस्वरूप ने उनकी बेटी के साथ कोई अप्रिय घटना घटित कर दी है तभी उनकी बेटी का कोई पता नहीं चल रहा है और नहीं लड़का सही जवाब दे रहा है,पुलिस उसपे सख्ती बरतती तो वह सब् कुछ बता देता लेकिन पुलिस का बर्ताव ऐसा है जैसे कुछ हुआ ही न हो।बरहाल लड़की को भगा कर ले जाने वाला लड़का बिना भय के गाँव में ही स्वतन्त्र रूप से रह रहा है और लड़की का कुछ पता नहीं चल रहा है और न्याय के लिए गृहमंत्री और पुलिस से गुहार लगा चुका लड़की का बूढा बाप न्याय के लिए दर दर भटक रहा है लेकिन उसकी फरियाद सुनने वाला कोई नहीं है।