बिलासपुर। भारतीय रेलवे में यात्रियों के सफर को अधिक सुरक्षित और आरामदायक बनाने के लिए लगातार आधुनिक तकनीक और नवाचारों का सहारा लिया जा रहा है। इसी कड़ी में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर कोचिंग डिपो ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बिलासपुर-बीकानेर एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच में पिछले दिनों छत से पानी टपकने की आई समस्या को गंभीरता से लेते हुए रेलवे ने इसका एक स्थायी और स्वदेशी समाधान खोज निकाला है। डिपो के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर एक बेहद खास ‘रेन वाटर इन्ग्रेस टेस्ट बेंच’ (वर्षा जल रिसाव जांच प्रणाली) तैयार की है, जिसके जरिए अब बिना प्राकृतिक बारिश के ही हर रेल कोच के लीकेज की सटीक जांच की जा सकेगी।
यह पूरी तरह से एक स्वदेशी और पर्यावरण-अनुकूल नवाचार है। अब तक ट्रेनों में पानी के रिसाव की पहचान करने के लिए मुख्य रूप से प्राकृतिक बारिश का इंतजार करना पड़ता था, जिसके चलते सालभर इसकी मुकम्मल जांच कर पाना संभव नहीं था। इस बड़ी चुनौती से निपटने के लिए बिलासपुर कोचिंग डिपो की टीम ने अपनी तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए उपलब्ध संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग किया। बेहद कम लागत में तैयार की गई इस मशीन के निर्माण में अधिकांशतः स्क्रैप (कबाड़) सामग्री का इस्तेमाल किया गया है और सिर्फ कुछ जरूरी पुर्जे ही बाजार से खरीदे गए हैं, जिससे यह सिस्टम बेहद किफायती बन पड़ा है।
इस अभिनव टेस्ट बेंच की कार्यप्रणाली बेहद आधुनिक है। यह सिस्टम कोच के ऊपर ‘कृत्रिम वर्षा’ (आर्टिफिसियल रैन सिमुलेशन) का एक ऐसा माहौल तैयार करता है जिससे मूसलाधार बारिश जैसी स्थिति बन जाती है। इस प्रक्रिया से कोचों की छत, खिड़कियों, साइड पैनलों और सभी संवेदनशील जोड़ों की बारीकी से जांच की जाती है। इस कृत्रिम परीक्षण का सबसे बड़ा फायदा यह है कि मानसून आने से पहले या कोच को सेवा में शामिल करने के दौरान ही उसमें छिपे हुए हर छोटे-बड़े लीकेज को पकड़कर समय रहते ठीक किया जा सकेगा।
इस तकनीक की सबसे खास बात इसकी पोर्टेबल डिजाइन है। इसके लचीले आकार के कारण इसका उपयोग न केवल पारंपरिक रेल डिब्बों में किया जा सकता है, बल्कि देश की आधुनिक और अत्याधुनिक ‘वंदे भारत’ जैसी ट्रेनों के कोचों की जांच के लिए भी यह पूरी तरह सक्षम है। रेलवे प्रबंधन का मानना है कि इस प्रणाली के सक्रिय होने से मानसून के दौरान यात्रियों को होने वाली जल रिसाव जैसी असुविधाजनक शिकायतों से हमेशा के लिए राहत मिल जाएगी।
यह स्वदेशी कदम दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कर्मचारियों की रचनात्मक सोच, सूझबूझ और आत्मनिर्भरता का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। इस पहल से न केवल कोचों के रखरखाव (अनुरक्षण) की गुणवत्ता और विश्वसनीयता एक नए स्तर पर पहुंचेगी, बल्कि बार-बार होने वाले मेंटेनेंस के खर्च और समय में भी भारी बचत होगी। कुल मिलाकर, बिलासपुर रेल मंडल का यह अनूठा प्रयोग रेल यात्रियों को एक सुरक्षित, सूखा और विश्वस्तरीय सुखद यात्रा अनुभव देने में मील का पत्थर साबित होने जा रहा है।
