सीतापुर/अनिल उपाध्याय। बारिश शुरू होते ही नगर से होकर गुजरने वाली नेशनल हाईवे क्र-43 की सड़क जानलेवा हो गई है।लगभग तीन किमी दूरी तक नेशनल हाईवे की सड़कों में तालाबनुमा गड्ढे उभर आये हैं।जिसकी वजह से आये दिन सड़क पर दुर्घटनाएं हो रही है और लोग घायल हो रहे है।हर साल बारिश में होने वाकई सड़क की बदहाली के बाद भी विभाग इसको लेकर गंभीर नही है।जिसकी वजह से आम आदमी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है।
विदित हो कि बारिश शुरू होते ही नेशनल हाईवे क्र-43 की सड़कें काफी जर्जर एवं जानलेवा हो गई है।ग्राम पंचायत सोनातराई से ग्राम पंचायत सुर तक लगभग तीन किमी लंबी सड़क में जगह जगह तालाबनुमा गड्ढे निर्मित हो गए है।जिसकी चपेट में आकर रोज कोई न कोई दुर्घटना का शिकार हो रहा है।खासकर ग्राम सोनातराई के पास की सड़कों का तो सबसे बुरा हाल हो गया है।लगभग आधा किमी लंबे सड़क पर इतने बड़े बड़े गड्ढे हो गए हैं कि उन गड्ढों को पार करना खुद से जंग जितने जैसा है।मरम्मत के अभाव में सड़कों की हालात दिनोदिन बद से बदतर होती जा रही है।जिसकी वजह से रोज कोई न कोई राहगीर सड़क दुर्घटना का शिकार होने लगा है।बीते दिनों स्कूल जाने के दौरान एक महिला शिक्षक सड़क में निर्मित गड्ढे की वजह से दुर्घटना की शिकार हो गई।स्कूल जाने के दौरान हड़बड़ी में महिला शिक्षक की स्कूटी असंतुलित हो गई और महिला शिक्षक स्कूटी समेत पानी से भरे गड्ढे में जा गिरी।घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग दौड़कर वहाँ पहुँचे और स्कूटी समेत महिला को पानी भरे गड्ढे से बाहर निकाला।इस घटना के दौरान गनीमत रही कि पीछे से कोई बड़ी वाहन नही आ रही थी वरना बड़ी घटना हो सकती थी।शहर के बीच से होकर गुजरने वाली तीन किमी लंबी नेशनल हाईवे की सड़क का कमोबेश यही हाल है।जगह जगह निर्मित गड्ढे दुर्घटना को आमंत्रण दे रहे है।ये सब जानते हुए भी संबंधित विभाग के अधिकारी हाथों पर हाथ धरे मरम्मत कराने के बजाए किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहे है।
बारिश से पूर्व सड़क मरम्मत के नाम पर हुई थी थूक पॉलिस:-
बारिश से पूर्व जर्जर हो चुके सड़क की मरम्मत की गई थी।इस दौरान मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति करते हुए ठेकेदार द्वारा थूक पॉलिस की गई थी।लोगों ने बारिश का हवाला देते हुए विभागीय अधिकारियों से थूक पॉलिस की जगह मजबूती से मरम्मत कराने की मांग की थी।ताकि बारिश के दिनों में सड़क टिकाऊ साबित हो सके पर अधिकारियों ने लोगों की बातों को तब अनसुना कर दिया था।दरअसल सड़क के दोनों ओर बारिश की पानी का निकासी होने का कोई जुगाड़ नही है।जिसकी वजह से पानी सड़क पर जमा हो जाता है और सड़क को क्षतिग्रस्त कर देता है।नगर में ये बीमारी दशको से है पर आज तक कोई इलाज नही हो सका।जिसकी वजह से हरेक बारिश में सड़कों की हालत बारिश के दिनों में काफी जर्जर हो जाती है।
इस संबंध में एसडीएम फागेश सिन्हा ने बताया कि संबंधित विभाग के अधिकारियों से बात हुई है।उनका कहना है कि बारिश की वजह से मरम्मत कराते नही बन रहा है।बारिश थमते ही सड़क की मरम्मत कराई जायेगी।
