अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत लालबहादुर शास्त्री स्टेडियम से सीतापुर नगर में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। विधायक रामकुमार टोप्पो के अगुवाई में निकली इस तिरंगा यात्रा में हाथों में तिरंगा लिए पूरे जोश एवं उत्साह के साथ भारी संख्या में छात्र एवं छात्राएं शामिल हुए। भारत माता की जयघोष एवं देशभक्ति के नारों के साथ निकली तिरंगा यात्रा नगर भ्रमण करते हुए एमएलए एजुकेशन कोर परिसर पहुँची।
जहां विधायक रामकुमार टोप्पो ने रैली में शामिल युवाओं के अंदर देशभक्ति का जोश भरते हुए कहा कि यह तिरंगा हमारे देश की आन बान और शान है। इस पर कभी आंच न आए इस बात के लिए आप सभी को संकल्प लेना है और हमेशा इसकी रक्षा के लिए मजबूती के साथ खड़े रहना है। उन्होंने अपने सैन्य काल के दौरान मिले अनुभव को साझा करते हुए कहा कि देश की शान का प्रतीक तिरंगा की रक्षा के लिए हर सैनिक अपनी जान की बाजी लगाने को तैयार रहता है। अगर कभी कोई दुश्मन हमारे तिरंगे की शान में गुस्ताखी करता है, उस पर बुरी नजर लगाता है तो एक सैनिक अपने जान की परवाह किए बिना उसकी हिफाजत करता है।

उन्होंने युवाशक्ति से कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते देश की एकता अखंडता और तिरंगे का सम्मान आपकी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। विधायक ने कहा कि मेरे विधानसभा क्षेत्र के समस्त युवा शिक्षा और सुरक्षा समेत प्रत्येक क्षेत्र में अपना नाम रोशन करे मेरी यही कामना है। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि श्रवण दास, मंडल अध्यक्ष त्रिलोचन सदावर्ती, उपाध्यक्ष विष्णु अग्रवाल, महामंत्री संगीता कंसारी, एनएसएस एनसीसी कैडेट्स स्कूली छात्र-छात्राएं, नगरवासी एवं भाजपा के पदाधिकारी-कार्यकर्ता शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
