जांजगीर-चांपा। जिले में रेत भंडारण के नाम पर नियमों की अनदेखी करने वालों पर खनिज विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने नियमों एवं शर्तों के उल्लंघन के मामले में तीन रेत भंडारण की अनुमति निरस्त कर दी है। कार्रवाई के बाद रेत भंडारण संचालकों में हड़कंप की स्थिति है।
जानकारी के अनुसार जिले में रेत भंडारण के लिए अब तक 19 लोगों को खनिज विभाग से अनुमति प्रदान की गई थी। इनमें से जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर निखिल राठौर, चौरहादेवरी, चंद्र प्रकाश, नवापारा तथा चित्र कुमार जायसवाल, गाड़ापाली के रेत भंडारण की अनुमति निरस्त कर दी गई है।
बताया गया कि संबंधित भंडारण संचालकों को विभाग की ओर से पहले नोटिस जारी कर नियमों और निर्धारित शर्तों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन विभाग के अनुसार नोटिस का निर्धारित समय में कोई जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए तीनों भंडारणों को बंद कर दिया।
नोटिस को भी किया नजरअंदाज, अब बंद हुआ कारोबार…
खनिज विभाग की कार्रवाई ने यह सवाल भी खड़ा कर दिया है कि जब भंडारण संचालकों को नियमों का पालन करने के लिए पहले ही चेतावनी दी गई थी, तो नोटिस का जवाब तक क्यों इंतजार किया गया। विभाग ने फिलहाल स्पष्ट संकेत दिया है कि रेत भंडारण की अनुमति नियमों की अनदेखी करने की छूट नहीं है। नियमो का उल्लंघन करने पर अनुमति निरस्त करने की कार्रवाई आगे भी जारी रह सकती है।
