छत्तीसगढ़ में बढ़ सकता है लॉकडाउन… हालात को देखते हुए कुछ छूट की संभावना..

रायपुर। छत्तीसगढ़ के जिलों में चल रहे लॉकडाउन की आज सरकार समीक्षा करने वाली है। इसके लिए अलग-अलग जिलों में लॉकडाउन के प्रभावों की रिपोर्ट देखी जाएगी। फिलहाल लॉकडाउन को कुछ सप्ताह के लिए जारी रखे जाने की संभावना बताई जा रही है। इस बीच प्रतिबंधों में कुछ छूट दी जा सकती है।

छत्तीसगढ़ सरकार में संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने कहा, प्रदेश में कोरोना संक्रमण से गंभीर हुए हालात धीरे-धीरे सुधरते अब दिख रहे हैं और इसकी मुख्य वजह लॉकडाउन ही है। इस स्थिति को और बेहतर बनाये रखने 15 मई तक लॉकडाउन को बढ़ाया जाना चाहिए। विकास उपाध्याय ने कहा, इस बार लॉकडाउन को आम जनता का समर्थन मिला है, वह अभूतपूर्व है।


युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुबोध हरितवाल ने रायपुर कलेक्टर डॉ. एस. भारतीदासन को पत्र लिखकर कम से कम 10 दिनों के लिए लॉकडाउन बढ़ाने की मांग की है। हरितवाल ने कहा, रायपुर 4 हजार केस रोज आने से अत्यंत संक्रमित क्षेत्रों की श्रेणी में था। उसके बाद लॉकडाउन लगा। आज संक्रमण का आंकड़ा एक हजार के आसपास है। यह भी अच्छा आंकड़ा नहीं है, लेकिन संतुष्टिदायक है। प्रदेश के दूसरे हिस्सों में प्रकोप बढ़ रहा है ऐसे में रायपुर को अधिक कंट्रोल रखने की जरूरत है।

जिला प्रशासन ने अलग-अलग जो लॉकडाउन घोषित किया था, उसे कई बार बढ़ाया जा चुका है। अंतिम बार इसे 6 मई की सुबह 6 बजे तक के लिए बढ़ाया गया था। आज की समीक्षा के बाद प्रशासन यह तय करेगा कि प्रतिबंधों को जारी रखना है अथवा उसमें छूट देनी है। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए कुछ सेवाओं में छूट देने के साथ लॉकडाउन जारी रखने का फैसला संभव है।