जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर निवासी एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कार्रवाई कर परिजनों को सौंप दिया है। मृतक की पहचान राहुल गुप्ता, पिता अशोक गुप्ता के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 2 बजे नहरिया बाबा मंदिर और खोखसा फाटक के बीच रेलवे लाइन पर युवक का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि युवक का शव धड़ से अलग हो गया था। रेल लाइन के पास शव देखकर लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव का पंचनामा किया। प्रथम दृष्टया पुलिस घटना को आत्महत्या से जोड़कर देख रही है। हालांकि युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक के आत्महत्या करने के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
