अम्बिकापुर में भी हुई चिप लगाकर पेट्रोल चोरी की जांच..!

  • पेट्रोल चोरी पर प्रशासन ने की जांच..संचालको में मचा हडकंप   
  • पलक झपकते ही हो जाती है कई प्वांईट तेल की चोरी

 

अम्बिकापुर- दीपक सराठे 

शहर में जिस तेजी से पेट्रोल पम्पों की संख्या बढ़ रही है उसी तेजी से उन पेट्रोल पम्पों में पेट्रोल व डीजल चोरी आम बात हो गई है। पलक झपकते ही उपभोक्ता के आंख में धूल झोंकने का काम पेट्रोल डालने वाले कर रहे हैं। कई प्वांईट पेट्रोल चुराने का यह खेल लम्बे समय से चल रहा है। मजे की बात यह है कि नापतौल विभाग जिसे इन पेट्रोल पम्पों की समय≤ पर जांच करनी चाहिये वह कभी नहीं होती। शुक्रवार को कलेक्टर के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर सूर्य किरण अग्रवाल सहित अन्य अधिकारियों ने कई पेट्रोल पम्प में पहुंचकर जांच की। जांच में क्या मिला है इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। विदित हो कि पूर्व में एक प्रशासनिक अधिकारी द्वारा पेट्रोल पम्पों की आकास्मिक जांच में कई पेट्रोल पम्प में पेट्रोल चोरी किये जाने का खुलासा हुआ था। कम पेट्रोल देने के मामले में कार्यवाही जरूर हुई थी, परंतु इसके बाद फिर वही ढाक के तीन पात वाली कहावत चरितार्थ हो रही थी। पेट्रोल पम्प में कार्यरत लोग कई प्रकार से कम पेट्रोल देने में लगे हुये हैं।

 

गौरतलब है कि हाल ही में लखनऊ के सात पेट्रोल पम्पों में चीप और रिमोट कंट्रोल के जरिए पेट्रोल कम देने का खुलासा जिला प्रशासन व नापतौल विभाग ने किया था। कुछ इसी तर्ज पर शहर में भी स्थापित कई पेट्रोल पम्पों में तेल चोरी का खेल जमकर खेला जा रहा है। पेट्रोल पम्पों में इस तेल के खेल में सिर्फ उपभोक्ताओ को नुकसान उठाना पड़ रहा है। एक लीटर पेट्रोल में कई प्वाइंट पलक झपकते ही चोरी कर लिये जा रहे हैं। शुक्रवार को पेट्रोल पम्पों में गड़बड़ी की शिकायत पर प्रशासनिक अमले ने नगर के कई पेट्रोल पम्पों की जांच की। जहां कुछ स्थानों पर गड़बडियां पाई गई हैं। फिलहाल प्रशासन ने इसका खुलासा नही किया है।

मिलावट का भी अंदेशा-

पूर्व में एक बार हुई कार्यवाही में कई पेट्रोल पम्पों में मिट्टी तेल  की मिलावट भी सामने आई थी। उपभोक्ताओं को जहां एक ओर पेट्रोल पम्प संचालक पेट्रोल चोरी कर उपभोक्ताओं को जेब में डाका डाल रहे हैं, वहीं मिलावट के अंदेशे से भी इंकार नहीं किया जा सकता। मिलावटी पेट्रोल से वाहनों में गड़बडियां भी आम बात हो गई है।

करेंगे कार्यवाही-कलेक्टर

पेट्रोल पम्प में गड़बड़ी को लेकर कलेक्टर सरगुजा भीम सिंह ने कहा कि वे संबंधित विभाग के अधिकारी को जांच के लिये निर्देशित किये हैं, जहां भी गड़बड़ी पाई जायेगी, वहंा कार्यवाही की जायेगी।