रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और गोपनीयता भंग करने के मामले में एक बार फिर बड़ी गाज गिरी है। फरार आरोपी शोएब ढेबर से कथित सांठगांठ और उसकी गिरफ्तारी की गोपनीय योजना लीक करने के गंभीर आरोपों के चलते पुलिस निरीक्षक विनीत दुबे को निलंबित कर दिया गया है। बस्तर रेंज के आईजी बद्री नारायण मीणा ने इस संबंध में निलंबन आदेश जारी किया है, जिसके तहत निलंबन अवधि के दौरान निरीक्षक दुबे का मुख्यालय रक्षित केंद्र, नारायणपुर निर्धारित किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, यह पूरी कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला की ओर से भेजे गए प्रतिवेदन के आधार पर की गई है। पूरा मामला रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने फरार चल रहे शोएब ढेबर को दबोचने के लिए एक अत्यंत गोपनीय रणनीति तैयार की थी, लेकिन कार्रवाई को अंजाम देने से पहले ही यह सूचना लीक हो गई। बताया जा रहा है कि इसी मुखबिरी के चलते खम्हारडीह इलाके में पुलिस की दबिश से ठीक पहले शोएब ढेबर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। इस पूरे घटनाक्रम में निरीक्षक विनीत दुबे की संदिग्ध भूमिका सामने आने के बाद विभाग ने यह कड़ा कदम उठाया है।
गौरतलब है कि इस हाई-प्रोफाइल मामले में विभाग की ओर से यह पहली कार्रवाई नहीं है। इससे पहले भी सूचना लीक होने और संदिग्ध भूमिका के चलते एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) के दो आरक्षकों शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को निलंबित किया जा चुका है। अब एक निरीक्षक स्तर के अधिकारी पर गिरी गाज से पूरे पुलिस महकमे में खलबली मच गई है।
दरअसल, इस पूरे विवाद की जड़ कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपए की कथित रंगदारी मांगने के मामले से जुड़ी हुई है। पुलिस विभाग के भीतर हुई इन लगातार कार्रवाइयों के बाद अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच की आंच और किन अधिकारियों तक पहुंचती है और फरार आरोपी शोएब ढेबर की गिरफ्तारी कब तक हो पाती है।
