बिलासपुर। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के कड़े निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने सोमवार, 16 नवंबर की शाम जिले के दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध रेत ढुलाई में लिप्त कुल 8 ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
खनिज अमले ने पहली कार्रवाई ग्राम इटवा-पाली में की, जहां अवैध रूप से रेत का उत्खनन और परिवहन करते हुए 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े गए। इन सभी वाहनों को जब्त कर खनिज जांच चौकी लावर की अभिरक्षा में खड़ा किया गया है। वहीं, दूसरी कार्रवाई ग्राम पहंदा में की गई, जहां अवैध उत्खनन में लगे 4 अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर पुलिस चौकी बेलगहना के सुपुर्द कर दिया गया है। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के विरुद्ध यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
