अम्बिकापुर में BJP नेता के भाई का शव गौठान में झूलता मिला, हत्या की आशंका; शरीर पर मिले ये निशान

Ambikapur News: छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष के भाई का शव गौठान में फंदे पर झूलता मिला है। जिसके बाद भाजपा नेता ने इस पर संदेह जाहिर कर मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

दरअसल, मामला अम्बिकापुर के मणिपुर थाना क्षेत्र का है। जहां आज पुलिस को सूचना मिली की सांडबार मंदिर के पास स्थित गौठान में एक व्यक्ति का शव फंदे पर लटका मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मणिपुर पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी है। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला उपाध्यक्ष श्याम गुप्ता के भाई सूरज गुप्ता बिलासपुर चौक निवासी के रूप में की है।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे और इस पर संदेश जाहिर किया है। पुलिस की माने तो मृतक के हाथों में अपनी मर्जी से जीवन समाप्त करने की बात लिखी हुई है। वहीं परिजनों की माने तो बीती शाम उनका भाई सूरज घूमने के नाम से घर से निकला था और देर रात झगड़ा होने की बात फोन के माध्यम से छोटे भाई को दिया था। जिस पर उसे घर बुलाया गया था। मगर रात भर सूरज गुप्ता घर नहीं पहुंचा। जिसका शव आज सुबह गौठान में झूलता पाया गया। परिजन इसे हत्या मान रहे हैं।

परिजनों ने बताया की मृतक के शरीर पर नाखून के निशान दिखाई दे रहे हैं और शर्ट पर खून के निशान भी दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।