अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..क्षेत्र में हरे भरे पेड़ो की अवैध कटाई थमने का नाम नही ले रहा है।शासन के नियमों को ताक पर रखकर बिना अनुमति के अंतर्राज्यीय लकड़ी तस्कर बेखौफ होकर लकड़ी की कटाई कर रहे है।कटाई के बाद लकड़ी तस्कर बिना पिट पास के उसे पड़ोसी राज्यों में ले जाकर खपा रहे हैं।शासन प्रशासन के नियमों के दरकिनार कर लकड़ी की कटाई करने वाले तस्करों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही नहीं होने से इनके हौसले बुलंद हैं।
विदित हो कि बारिश थमते ही क्षेत्र में हरे भरे पेड़ो की अवैध कटाई युद्धस्तर पर शुरू हो चुका है।पड़ोसी राज्य उत्तरप्रदेश से आये लकड़ी तस्कर शासन द्वारा लकड़ी कटाई हेतु बनाये गए नियमों को दरकिनार कर लकड़ी की कटाई कर रहे है।जबकि शासन प्रशासन द्वारा निजी क्षेत्र के पेड़ों की कटाई के लिए नियम बना रखे हैं।इस नियम के तहत पेड़ के मालिक द्वारा एसडीएम कार्यालय में लकड़ी कटाई हेतु आवेदन देना अनिवार्य है।इसके बाद राजस्व एवं वन विभाग का मैदानी अमला कटाई से पहले लकड़ी का मुआयना करके जब रिपोर्ट सौपता है तब अनुमति मिलती है।लेकिन क्षेत्र में सक्रिय अंतर्राज्यीय लकड़ी तस्कर शासन के नियमों को मानने के बजाए खुद ही शासन प्रशासन बन बैठे है।
लकड़ी तस्कर सारे नियमों को ताक पर रखकर स्थानीय दलालों के माध्यम से पेड़ के मालिक से संपर्क साधते है।फिर उसे झांसे में लेकर औने पौने दामों में सौदा कर उसे बिना प्रशासनिक अनुमति के कटाई करते हुए पड़ोसी राज्यों में ले जाकर खपाते है।इस दो नम्बर के काम मे होने वाली मोटी कमाई को देखते हुए नगर समेत क्षेत्र में अंतर्राज्यीय लकड़ी तस्करों की बाढ़ सी आ गई है।इनमें से कई ऐसे है जिनका अपने क्षेत्र के थानों में आपराधिक रिकार्ड रहा है।अब वो गुट बनाकर सीतापुर के शांतिप्रिय ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को धमका कर अपना उल्लू सीधा कर रहे हैं।
ऐसा ही एक मामला ग्राम चलता का प्रकाश में आया है।जहाँ बिना प्रशासनिक अनुमति के स्थानीय दलाल के माध्यम से फैजाबाद यूपी निवासी लकड़ी तस्करों द्वारा सेमल प्रजाति के विशाल पेड़ को काट दिया गया।जिसका विरोध करते हुए ग्रामीणों द्वारा दी गई सूचना के बाद मौके पर पहुँची पुलिस ने कटाई में लगे वाहन को जब्त कर थाने ले आई।हालांकि लकड़ी तस्करों ने कुछ समय बाद जब्त की गई मशीन को थाने से छुड़ा लिया था।इस संबंध में ग्राम पंचायत द्वारा पंचनामा के जरिये लकड़ी कटाई करने वाले अंतर्राज्यीय लकड़ी तस्कर फैजाबाद यूपी निवासी जितेंद्र सिंह पंकज सिंह विकास सिंह अशोक वर्मा के खिलाफ एसडीएम कार्यालय एवं थाने में ज्ञापन सौंप कार्यवाही की मांग की गई है।
बिना वेरिफिकेशन के नगर में किराए के मकान में रहते हैं अंतर्राज्यीय लकड़ी तस्कर,मकान मालिकों ने भी नही कराया पुलिस को अवगत:-
क्षेत्र में लकड़ी कटाई करने आये अंतर्राज्यीय लकड़ी तस्कर थाने में बिना वेरिफिकेशन कराये सालों से नगर में किराए के मकान में रह रहे है।किराए के मकान को इन्होंने अपना ठिकाना बना रखा है जहाँ से ये पूरे क्षेत्र में अपनी गतिविधियों को संचालित करते हैं।जबकि पुलिस प्रशासन ने कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा है कि बिना पुलिस वेरिफिकेशन के शहर में रहना गैरकानूनी है।इसके अलावा अगर मकान मालिक किसी बाहरी व्यक्ति को किराए में मकान दे रहा है तो इस संबंध में पुलिस को सूचना देना अनिवार्य है।लेकिन मकान मालिक एवं किराएदारों ने पुलिस प्रशासन के नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए सालों से स्थानीय पुलिस को बिना सूचित किये किराये के मकान में रह रहे है। जब नगर या आसपास के क्षेत्रों में कोई बड़ी घटना हो जाती है तब पुलिस की आँख खुलती है और वो ऐसे मामलों में संज्ञान लेती है।लगता है सीतापुर में कोई बड़ी घटना होने के बाद ही बाहरी लोगों के वेरिफिकेशन को लेकर पुलिस की आँख खुलेगी।
इस संबंध में थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने नियमानुसार कार्यवाही की बात कही है।
