छत्तीसगढ़ : इस ज़िले में 1 करोड़ का गांजा बरामद… कार में लिखा था कोविड-19 इमरजेंसी ड्यूटी… और घर में होम्योपैथी डॉक्टर

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की बिलासपुर पुलिस ने शुक्रवार देर रात एक शातिर गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। वह बाकायदा कोविड-19 में एक अस्पताल कर्मचारी के लिए ड्यूटी कर रहा था। वह कार भी उसी कर्मचारी की है। पुलिस ने उसके खंडहरनुमा मकान से करीब एक करोड़ रुपए का गांजा बरामद किया है। खास बात यह है कि उस मकान के बाहर भी होम्योपैथिक डॉक्टर का बोर्ड लगा था। मामला तखतपुर थाना क्षेत्र का है ।

जानकारी के मुताबिक, देर रात पुलिस को सूचना मिली कि एक गांजा तस्कर स्विफ्ट कार में घूम रहा है। इसके बाद पुलिस ने पीछा शुरू किया और देवरी खमरिया के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। जांच के दौरान पता चला कि कार चालक मोपका निवासी हरीश साहू गांजा तस्कर है। वह साल 2016 में भी पकड़ा जा चुका था। कार की तलाशी में कुछ नहीं मिला, लेकिन तस्करी से पुराने तार जुड़े होने के कारण पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

पूछताछ के दौरान जानकारी सामने आने पर पुलिस ने शनिवार सुबह तखतपुर पॉलिटेक्लिक कॉलेज के पास ग्राम खपरी में एक खंडहरनुमा मकान पर छापा मारा। इस मकान से पुलिस को 24 बोरी और अलग-अलग बैग में 9 क्विंटल गांजा बरामद हुआ है। यह मकान आरोपी हरीश साहू का ही है। इसे उसने दो साल पहले खरीदा था। पुलिस का कहना है कि मकान में गांजा होने की सूचना मिली थी, लेकिन किसका था यह स्पष्ट नहीं था।

पूछताछ में हरीश ने पुलिस को बताया कि कार उसकी बहन की है। वह एक प्राइवेट अस्पताल में कर्मचारी है। कार पर स्काई हॉस्पिटल बिलासपुर इमरजेंसी कोविड-19 सेवा लिखा हुआ था। इस कार का इस्तेमाल वह अपनी बहन को अस्पताल छोड़ने और लाने के लिए करता था। इसके बाद कार उसी के पास रहती थी। वहीं पुलिस ने जिस मकान से गांजा बरामद किया है, उसके बाहर होम्योपैथिक डॉक्टर का बोर्ड लगा था।

तखतपुर SDOP रश्मित कौर चावला ने बताया कि कार के बारे में अस्पताल प्रबंधन और उसकी बहन से भी पूछताछ की जाएगी। अभी तक पता चला है कि वह ओडिशा से सब्जियों के साथ पिकअप में गांजा लेकर आता था। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र का सबसे बड़ा गांजा डीलर है। इस मकान में गांजा भरा है, इसकी जानकारी उसे थी। पुलिस को यह भी आशंका थी कि मकान हरीश का ही है, लेकिन वह स्वीकार नहीं कर रहा था। लेकिन सख्ती से हुई पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार कर लिया।