रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 1,280 करोड़ रुपये के शराब घोटाला मामले में जांच एजेंसियों के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपियों में से एक विकास अग्रवाल को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया है। शुक्रवार रात करीब 12 बजे उसे रायपुर की रिमांड अदालत में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने पूछताछ के लिए उसे 30 नवंबर तक आर्थिक अपराध शाखा (EOW) की रिमांड पर सौंप दिया है।
अदालत में नियमित न्यायाधीश की अनुपस्थिति के चलते देर रात रिमांड कोर्ट में सुनवाई हुई। एसीबी-ईओडब्ल्यू (ACB-EOW) ने मामले की तह तक जाने के लिए आरोपी की पुलिस रिमांड की मांग की थी, जिसे दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद स्वीकार कर लिया गया। रात करीब 12:33 बजे ईओडब्ल्यू की टीम उसे लेकर अपने कार्यालय पहुंची। अब रिमांड अवधि पूरी होने पर सोमवार को उसे दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के अधिवक्ता शशांक मिश्रा ने अदालत के समक्ष स्पष्ट किया कि प्रत्यर्पण के नियमों के तहत आरोपी पर केवल उन्हीं अपराधों में कार्रवाई और ट्रायल चलाया जा सकता है, जिनके आधार पर उसे भारत लाया गया है; इसमें कोई नया अपराध नहीं जोड़ा जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने पूछताछ के दौरान आरोपी के मानवाधिकारों की सुरक्षा और पूरी प्रक्रिया की निगरानी किसी अधिकृत अधिकारी की मौजूदगी में सुनिश्चित करने की मांग भी रखी।
विकास अग्रवाल की गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण के पीछे कई एजेंसियों का लंबा समन्वय रहा है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के जरिए यूएई में उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित कराई थी। इसके बाद विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के सहयोग से प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। आरोपी को रायपुर लाने के लिए छत्तीसगढ़ ईओडब्ल्यू की एक विशेष टीम भेजी गई थी, जिसका नेतृत्व ईओडब्ल्यू चीफ (आईजी) अमरेश मिश्रा ने किया, जबकि डीएसपी रोशन आहूजा और डीएसपी राहुल शर्मा भी इस टीम का हिस्सा थे।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, वर्ष 2019 से 2022 के बीच प्रदेश में शराब वितरण प्रणाली में हुई कथित गड़बड़ियों से सरकारी खजाने को 1,280 करोड़ रुपये से अधिक की चपत लगी थी। इस मामले में नवंबर 2024 में ही चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। फरार होने के बाद से विकास अग्रवाल यूएई में ‘बोस्टन’ नामक कंपनी में मैनेजर के पद पर काम कर रहा था। आरोप है कि शराब सिंडिकेट में उसकी भूमिका बेहद अहम थी। वह डिस्टिलरी से कमीशन की रकम वसूलता था और उसे संबंधित अधिकारियों व अन्य लाभार्थियों तक पहुंचाने का जिम्मा संभालता था।
अब 30 नवंबर तक की रिमांड के दौरान ईओडब्ल्यू की टीम आरोपी से इस घोटाले के जटिल वित्तीय लेन-देन और मनी ट्रेल को लेकर गहन पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि विकास अग्रवाल से मिलने वाली जानकारियों से कथित शराब सिंडिकेट के पैसों के बंटवारे और इस मामले में पर्दे के पीछे शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका से जुड़े कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
