बलरामपुर। जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खोखनिया गुरहिपारा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ बिजली का खंभा गिरने से 6 वर्षीय बालक तुषार की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने पूरे गांव में मातम फैला दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव में एक आयोजन के लिए मंडप का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान बिजली के खंभे का सहारा लेकर मंडप के लिए खूंटा खड़ा किया गया था। बताया जा रहा है कि खंभा ठीक से स्थिर नहीं था, जिसके चलते वह अचानक भरभराकर गिर पड़ा। इस हादसे की चपेट में आने से मासूम तुषार गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में परिजनों ने उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया, जहाँ से स्थिति नाजुक होने के कारण चिकित्सकों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया। दुर्भाग्यवश, रायपुर ले जाते समय रास्ते में ही बच्चे ने दम तोड़ दिया।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। परिजनों ने बिजली विभाग के ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि खंभे को न तो सही तरीके से स्थापित किया गया था और न ही उसका रखरखाव ठीक था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने दोषियों की पहचान कर उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस घटना की जांच में जुट गई है और क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
