सूरजपुर। जिले के ग्राम चन्द्रमेढ़ा में जमीन बंटवारे के विवाद ने उस वक्त खूनी रूप ले लिया जब एक बड़े भाई और उसकी पत्नी ने मिलकर अपने ही छोटे भाई की ईंटों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। चौकी चेन्द्रा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी भाई धरमदेव टोप्पो (60 वर्ष) और उसकी पत्नी सुषमा स्वराज टोप्पो (43 वर्ष) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को जमीन के हिस्से को लेकर इनके बीच तीखी बहस हुई थी, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। हमले में गंभीर रूप से घायल 50 वर्षीय महेंद्र टोप्पो को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी भैयाथान ले जाया गया, जहाँ से उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल और फिर अम्बिकापुर के निजी अस्पताल रेफर किया गया। लगभग 20 दिनों तक मौत से जूझने के बाद, जब महेंद्र की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो परिजन उन्हें घर ले आए, जहाँ 8 मई की सुबह उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सूरजपुर एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर चेन्द्रा पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की। शुरुआत में यह मामला मारपीट की धाराओं (बीएनएस 296, 115(2), 351(2)) के तहत दर्ज किया गया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों द्वारा हत्या की पुष्टि किए जाने के बाद पुलिस ने मामले में धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस जोड़ते हुए आरोपियों की घेराबंदी की।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट भी बरामद कर ली गई है। इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी केश्वर मरावी सहित प्रधान आरक्षक राजकुमार सिंह, लालमन राजवाड़े और अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।
