अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..सरगुजा जिले के सीतापुर नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड क्रमांक-10 में स्थित ‘अटल परिसर’ एक बार फिर दूधिया रोशनी से जगमगा उठा है। पिछले एक सप्ताह से अव्यवस्था और घोर अंधेरे की मार झेल रहे इस परिसर की बदहाली को ‘फटाफट न्यूज़’ द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आया। समाचार के प्रभाव से न केवल परिसर की विद्युत व्यवस्था सुधारी गई, बल्कि यहाँ फैली गंदगी की सफाई कराकर व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर दिया गया है।
गौरतलब है कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में निर्मित यह परिसर पिछले कुछ समय से देखरेख के अभाव में उपेक्षा का शिकार था। शाम ढलते ही पूरा परिसर अंधेरे के आगोश में समा जाता था, जिससे स्थानीय निवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। वार्डवासियों ने इस संबंध में कई बार नगर पंचायत को सूचित भी किया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई थी। स्थानीय स्तर पर जनसमस्याओं को देखते हुए जब इस मुद्दे को मीडिया में उठाया गया, तब जाकर कुंभकर्णी नींद में सोए प्रशासन की नींद खुली।
इस पूरे मामले पर संज्ञान लेते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेमदान कुजूर ने स्वीकार किया कि कर्मचारियों की लापरवाही की वजह से यह अप्रिय स्थिति निर्मित हुई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाचार के माध्यम से जानकारी मिलते ही तत्काल सुधार कार्य के निर्देश दिए गए। अब परिसर की सभी कमियों को दूर कर लिया गया है और भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत भी संबंधित कर्मचारियों को दी गई है।
