अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..सरगुजा जिले में स्मार्ट मीटर लगाने के बाद बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि को लेकर कांग्रेस ने आक्रामक रुख अपना लिया है। पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान राज्यपाल के नाम बिजली विभाग के सहायक अभियंता को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर स्मार्ट मीटर योजना पर तत्काल पुनर्विचार करने और बढ़ी हुई दरों को वापस लेने की मांग की गई।
पूर्व विधायक निवास के समक्ष आयोजित धरने को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने आरोप लगाया कि सरकार उद्योगपतियों के हित साधने के लिए जनता की गाढ़ी कमाई पर डाका डाल रही है। उन्होंने कहा कि राहत का दावा कर लगाए गए इन मीटरों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। जिन गरीब और बीपीएल परिवारों का मासिक बिल महज 50 से 100 रुपये आता था, उनके घरों में अब हजारों रुपये के बिल थमाए जा रहे हैं। भगत ने दो टूक कहा कि भीषण महंगाई के दौर में यह दोहरी मार है, जिसे कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी।
धरना-प्रदर्शन के बाद कांग्रेसियों ने पैदल मार्च निकाला और बिजली कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में वक्ताओं ने चेताया कि यदि दरों में कटौती नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष तिलक बेहरा, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेमदान कुजूर, गणेश सोनी, सुरेंद्र अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, बदरुद्दीन इराकी, संदीप गुप्ता, शिव गुप्ता, सुखदेव भगत, अरुण गुप्ता, परमेश्वर गुप्ता, नागेश्वर राम, राजेश्वर राम, दिलेश तिग्गा, विनोद सोनी, विकास गुप्ता, संतोष गुप्ता और राहुल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता व आम नागरिक उपस्थित रहे।
