अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के कोतवाली थाना पुलिस ने सोशल मीडिया क्रिएटर आकांक्षा टोप्पो को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब उन्हें विधिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है।
सोशल मीडिया पर अमर्यादित भाषा के प्रयोग और सामाजिक सौहार्द्र प्रभावित करने के आरोप में दो दिन पूर्व कोतवाली थाने में आकांक्षा टोप्पो और होली क्रॉस कॉलेज के व्याख्याता अकील अहमद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसी मामले में जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने यह दंडात्मक कार्रवाई की है।
गौरतलब है कि आकांक्षा टोप्पो का यह पहला विवाद नहीं है; इससे पूर्व भी सीतापुर थाने में उनके विरुद्ध प्रकरण दर्ज हो चुका है। वहीं, दूसरी ओर आकांक्षा की शिकायत पर भाजयुमो कार्यकर्ता धीरज सिंह के खिलाफ भी पीछा करने, धमकी देने तथा एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है।
