छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्षद की गुंडई…. 4 साल के बच्चे से कार में लगी नेम प्लेट टूट गयी… गुस्से में महिला को जड़ा थप्पड़… देखिए Video

रायपुर। शहर के एक कांग्रेस पार्षद पर महिला से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने मामले की शिकायत गोबरा थाना में दर्ज कराई है। मारपीट का एक सीसीटीवी वीडियो भी वायरल हुआ है। जिसमे पार्षद महिला के साथ मारपीट करते नजर आ रहा है। हालांकि पार्षद ने मामले में अपनी सफाई पेश की है।

दरअसल पूरा मामला वार्ड 16 का है। आरोप है कि वार्ड पार्षद मंगराज सोनकर ने पड़ोस की एक महिला के साथ मारपीट की है। पीड़ित महिला दुर्गा साहू ने मामले की शिकायत गोबरा थाना में दर्ज कराई है।

देखिए वीडियो-

पीड़ित महिला के मुताबिक उसके 4 वर्षीय नाती ने घर के बाहर खड़ी पार्षद की कार पर लगी नेमप्लेट को तोड़ दिया था। जिसके बाद पार्षद के बेटे गोयल सोनकर ने उसके नाती के साथ मारपीट की। यही नही उसके बाद पार्षद ने खुद उसके साथ मारपीट की। घटना कल शाम की है। पीड़िता ने गोबरा पुलिस पर भी मामले को गंभीरता से नही लेने का आरोप लगाया है।

वही पार्षद मंगराज सोनकर घटना को स्वीकार कर रहे है। मगर विपक्षी पार्टी द्वारा घटना के सीसीटीवी फुटेज के आधे हिस्से को वायरल कर उसे बदनाम करने का आरोप भी लगा रहे है। उनका दावा है कि यदि घटना का पूरा सीसीटीवी फुटेज सामने आ जाये तो मामले की असलियत सामने आ जायेगी।

मामले को लेकर भाजपा महिला विंग ने मोर्चा खोल दिया है। शहर की भाजपा महिला मोर्चा ने इसे महिला अस्मितता से जुड़ा मामला बताकर पार्षद को गिरफ्तार करने की मांग की है। महिला मोर्चा थाना पहुंचकर कार्रवाई की मांग पर अड़ी हुई है।

वही भाजपा नेता प्रसन्न शर्मा इसे पार्षद पर सत्ता का नशा बता रहे है। उन्होंने कहा कि पार्षद द्वारा बुजुर्ग महिला से मारपीट का कृत्य बिल्कुल गलत है। उन्होंने पुलिस पर भी इस मामले में पार्षद को बचाने का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक गोबरा पुलिस ने मामले में सामान्य धाराएं लगाकर आरोपी को बचाने की कोशिश की है। उन्होंने जल्द ही इस मामले में कलेक्टर से मिलकर उचित कार्रवाई की मांग करने की बात कही है।

वहीं गोबरा पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। थाना प्रभारी ने मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया है। हालांकि थाना प्रभारी ने मीडिया से इस मामले में बात करने से मना कर दिया है।