कोरबा। कोयलांचल जगत के लिए शुक्रवार की सुबह एक ऐसी खबर लेकर आई जिसने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। SECL गेवरा क्षेत्र के पूर्व महाप्रबंधक और हाल ही में निदेशक तकनीकी (DT) के महत्वपूर्ण पद पर पदोन्नत हुए अरुण कुमार त्यागी अब हमारे बीच नहीं रहे। गुरुवार की आधी रात को हुआ एक भीषण सड़क हादसा उनके सुनहरे भविष्य और एक कुशल करियर के सफर का दुखद अंत कर गया।
अपनी नई पदस्थापना की जिम्मेदारी संभालने के लिए सिंगरौली की ओर बढ़ रहे श्री त्यागी की इनोवा कार कोरबा-चोटिया मार्ग पर चोटिया के समीप एक पार्सल वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें तत्काल बिलासपुर के अपोलो अस्पताल ले जाया गया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था; तड़के करीब 3 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अरुण कुमार त्यागी केवल एक उच्चाधिकारी ही नहीं, बल्कि कोयलांचल में अपनी सादगी, सौम्य व्यक्तित्व और बेहतरीन प्रशासनिक क्षमता के लिए पहचाने जाते थे। गेवरा एरिया के विकास में उनके योगदान को अधिकारी और कर्मचारी आज भी बड़े सम्मान के साथ याद करते हैं। जैसे ही उनके आकस्मिक निधन की सूचना फैली, अस्पताल से लेकर गेवरा क्षेत्र तक उनके शुभचिंतकों और सहकर्मियों का तांता लग गया।
इस अपार क्षति पर शोक व्यक्त करते हुए गेवरा महाप्रबंधक संजय मिश्रा सहित तमाम अधिकारियों ने इसे विभाग के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है। एक ऊर्जावान नेतृत्व का इस तरह खामोश हो जाना पूरे SECL परिवार को गहरे शोक में डुबो गया है।
