सूरजपुर। जिले के देवनगर अटल चौक पर उस समय हड़कंप मच गया, जब रामानुजनगर SDM की तेज रफ्तार गाड़ी एक अनियंत्रित बाइक सवार को बचाने की कोशिश में सीधे एक घर के अंदर जा समाई। यह हादसा उस समय हुआ जब प्रशासनिक अमले की गाड़ी रामानुजनगर से सूरजपुर की ओर जा रही थी। सड़क पर अचानक आए एक बाइक सवार, जो नशे की हालत में बताया जा रहा है, को बचाने के लिए ड्राइवर ने जैसे ही स्टेयरिंग घुमाई, गाड़ी अपना नियंत्रण खो बैठी और अनियंत्रित होकर घर के भीतर जा घुसी।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गाड़ी की जोरदार टक्कर से मकान के ढांचे को भी काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े। इस दुर्घटना में रामानुजनगर SDM को तो मामूली चोटें आईं, लेकिन गाड़ी चला रहे ड्राइवर और सुरक्षा में तैनात आरक्षक को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही सूरजपुर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए तत्काल जिला अस्पताल सूरजपुर रेफर किया गया।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही सूरजपुर कलेक्टर एस. जयवर्धन ने स्थिति का गंभीरता से संज्ञान लिया और वे स्वयं घटनास्थल व अस्पताल पहुंचे। कलेक्टर ने डॉक्टरों को घायलों के बेहतर और त्वरित उपचार सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। गनीमत रही कि इस भीषण टक्कर में मौके पर किसी राहगीर या मकान में रहने वाले किसी व्यक्ति को कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा यह हादसा और भी गंभीर हो सकता था। फिलहाल, प्रशासनिक टीम और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।
