दुर्ग। जिले के पुलगांव नाला किनारे स्थित जंगलनुमा इलाके में शनिवार को 55 वर्षीय महिला का अर्धनग्न शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मृतका की पहचान उरला निवासी भगवंतीन बाई के रूप में हुई है, जो बीते एक दिन से लापता थी। परिजनों द्वारा दुर्ग कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई गुमशुदगी की रिपोर्ट के बाद पुलिस लगातार महिला की तलाश कर रही थी, लेकिन आज उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलगांव थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और डॉग स्क्वाड की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शव के अर्धनग्न अवस्था में मिलने के कारण क्षेत्र में दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने स्पष्ट किया है कि मृतका के सिर पर चोट के निशान मिले हैं, लेकिन मौत के सटीक कारणों और किसी भी आपराधिक वारदात की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही संभव हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास के लोगों से गहन पूछताछ कर रही है और हर संभावित पहलुओं पर जांच को आगे बढ़ा रही है।
