कोंडागांव। छत्तीसगढ़ में कोंडागांव जिले के चिपावण्ड डोंडिया पारा में एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ शराब की लत ने एक हँसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। नशे के आदी पति पीतम उर्फ प्रीतम कोर्राम ने अपनी पत्नी सुखदई कोर्राम की महज इसलिए बेरहमी से हत्या कर दी क्योंकि वह उसे शराब पीने से मना करती थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह विवाद 30 अप्रैल को उस समय शुरू हुआ जब पीतम शराब पीकर घर पहुँचा और पत्नी द्वारा टोके जाने पर आपा खो बैठा। गाली-गलौज करते हुए उसने घर में रखे एक भारी डंडे से सुखदई के सिर पर प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घायल महिला को पड़ोसियों और परिजनों की मदद से तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रायपुर के डीकेएस अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन तीन दिनों तक मौत से जंग लड़ने के बाद 3 मई को सुखदई ने दम तोड़ दिया। मृतका के भाई सिंगलु मण्डावी की रिपोर्ट पर तत्परता दिखाते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में गठित टीम ने घेराबंदी कर 35 वर्षीय आरोपी पीतम को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह पत्नी के तानों से तंग आ चुका था। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद गुरुवार को आरोपी पति को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
