गरियाबंद। ओडिशा की सीमा से सटे गरियाबंद जिले के देवभोग थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। खुटगांव चेकपोस्ट पर मुस्तैद पुलिस टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी राहुल पांडेय उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले का निवासी है, जो सब्जियों के कैरेट के नीचे शातिराना तरीके से गांजा छिपाकर यूपी ले जाने की फिराक में था।
पुलिस ने वाहन से कुल 130 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 65 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
गौरतलब है कि गरियाबंद पुलिस की एक सप्ताह के भीतर यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले भी पुलिस ने मध्य प्रदेश के तस्करों से एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत का गांजा बरामद किया था, जिससे साफ है कि सीमावर्ती इलाकों में तस्करों के हौसले पस्त करने के लिए पुलिस लगातार मुस्तैद है।
