मौसम की जानकारी : छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना… इन जिलों में यलो, ऑरेंज और रेड अलर्ट… आज या कल हो सकती है मानसून की एंट्री

रायपुर। छत्तीसगढ़ के तापमान में आज भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है। जिसके बाद राजधानी समेत अधिकतर जिलों का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। बेमेतरा में सबसे अधिक तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहेगा। रायगढ़, धमतरी और महासमुंद का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। तीनों जिलों का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

अम्बिकापुर और बस्तर का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। यह चेतावनी 24 से 48 घंटे के लिए जारी की गई है। मौसम विभाग ने जिलों के लिए यलो, ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार या शनिवार को मानसून प्रदेश में दस्तक दे सकता है।

इन जिलों के लिए यलो अलर्ट

छत्तीसगढ़ में 24 घंटे के लिए जिन जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है, उसमें जशपुर, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर, बलौदाबाजार, धमतरी, कांकेर, नारायणपुर और महासमुंद जिलों में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है। 48 घंटे के लिए येलो अलर्ट प्रदेश के दुर्ग, बेमेतरा और कवर्धा में जारी किया गया है। एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी वर्षा होने की संभावना है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

प्रदेश के कुछ जिलों में 24 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के गरियाबंद, बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर जिलों में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है। साथ ही 48 घंटे का ऑरेंज अलर्ट कांकेर और नारायणपुर के लिए जारी किया गया है। एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी वर्षा होने की संभावना है।

इन जिलों में रेड अलर्ट

छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में 48 घंटे के लिए रेड अलर्ट भी जारी किया गया है। प्रदेश के गरियाबंद, धमतरी, बालोद, राजनादगांव, दंतेवाड़ा और बीजापुर जिलों में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी वर्षा होने की संभावना है।

picsart 06 11 086436324124524720375