रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने राज्य अभियांत्रिकी सेवा परीक्षा-2026 (State Engineering Service Exam 2026) के लिए भर्ती विज्ञापन जारी कर दिया है। इस भर्ती के माध्यम से सहायक अभियंता (Assistant Engineer) के कुल 46 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह सरकारी नौकरी पाने का बड़ा अवसर माना जा रहा है।
आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 13 मई 2026 दोपहर 12 बजे से शुरू होगी और अभ्यर्थी 11 जून 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। संभावित परीक्षा तिथि 16 अगस्त 2026 तय की गई है।
किन पदों पर होगी भर्ती
भर्ती के तहत लोक निर्माण विभाग और सामान्य प्रशासन विभाग में सहायक अभियंता के पद भरे जाएंगे। इनमें:
सहायक अभियंता (सिविल) – 42 पद
सहायक अभियंता (विद्युत/यांत्रिकी) – 3 पद
सामान्य प्रशासन विभाग (मुख्य तकनीकी परीक्षक कार्यालय) में सहायक अभियंता (सिविल) – 1 पद
कुल मिलाकर 46 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।
कितना मिलेगा वेतन
चयनित अभ्यर्थियों को वेतन मैट्रिक्स लेवल-12 के तहत 56,100 रुपये से 1,77,500 रुपये तक वेतन मिलेगा। इसके अलावा राज्य शासन के नियमानुसार महंगाई भत्ता और अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
आवेदन की महत्वपूर्ण तारीखें
ऑनलाइन आवेदन शुरू – 13 मई 2026
आवेदन की अंतिम तिथि – 11 जून 2026
निशुल्क त्रुटि सुधार – 12 जून से 14 जून 2026
सशुल्क त्रुटि सुधार – 15 जून से 17 जून 2026
संभावित परीक्षा तिथि – 16 अगस्त 2026
कौन कर सकता है आवेदन
अभ्यर्थी के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से संबंधित शाखा में सिविल, विद्युत या यांत्रिकी इंजीनियरिंग में स्नातक डिग्री होना अनिवार्य है।
सामान्य प्रशासन विभाग के मुख्य तकनीकी परीक्षक कार्यालय के पद के लिए AMIE परीक्षा के पार्ट ‘A’ और ‘B’ उत्तीर्ण उम्मीदवार भी पात्र माने जाएंगे।
आयु सीमा में मिलेगी छूट
भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है। हालांकि छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासियों को 5 वर्ष की अतिरिक्त छूट दी जाएगी।
इसके अलावा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, महिला अभ्यर्थी, भूतपूर्व सैनिक और अन्य आरक्षित वर्गों को शासन के नियमानुसार आयु सीमा में विशेष छूट मिलेगी।
आवेदन शुल्क कितना देना होगा
आयोग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार:
– छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी SC/ST/OBC (नॉन क्रीमीलेयर) और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क – 300 रुपये
– अन्य सभी वर्गों और राज्य के बाहर के उम्मीदवारों के लिए – 400 रुपये
– इसके अतिरिक्त पोर्टल शुल्क और GST अलग से देना होगा।
परीक्षा केंद्र कहां होंगे
राज्य अभियांत्रिकी सेवा परीक्षा-2026 के लिए रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग-भिलाई और जगदलपुर में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर आयोग परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ा या घटा सकता है।
परीक्षा शुल्क वापस करने का बड़ा फैसला
आयोग ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा है कि परीक्षा या साक्षात्कार में शामिल होने वाले छत्तीसगढ़ के स्थानीय अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क वापस किया जाएगा। यह राशि उम्मीदवार द्वारा आवेदन के दौरान दिए गए बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी। हालांकि पोर्टल शुल्क और अन्य सेवा शुल्क वापस नहीं किए जाएंगे।
फर्जी दस्तावेज देने पर होगी कड़ी कार्रवाई
आयोग ने साफ किया है कि गलत जानकारी, फर्जी दस्तावेज या परीक्षा में अनुचित साधनों का उपयोग करने वाले अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी तत्काल निरस्त कर दी जाएगी। ऐसे उम्मीदवारों पर भविष्य की परीक्षाओं में प्रतिबंध लगाने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
कहां करें आवेदन
इच्छुक उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट CGPSC Official Website पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को विस्तृत विज्ञापन और पात्रता संबंधी सभी नियम ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।
