ब्रेकिंग : क्वारंटाइन सेंटर में गमछे को फंदा बनाकर युवक ने लगायी फांसी… प्रशासन में हड़कंप, रायपुर से लौटने के बाद किया गया था क्वारंटाइन

अनिल उपाध्याय, अम्बिकापुर। सीतापुर ब्लॉक में एक युवक ने क्वारंटाइन सेंटर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। फ़िलहाल आत्महत्या का कारण अज्ञात है। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गयी है।

जानकारी के अनुसार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे प्रदीप केरकेट्टा पिता आशुमल केरकेट्टा (20) निवासी कुमानसिया केरजु ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। बताया जा रहा है की युवक बीते 02 जुलाई की शाम रायपुर से अपने घर लौटा था। जिसकी सूचना ग्रामीणों द्वारा प्रशासन को दी गयी।

जिसके बाद प्रशासन ने नियमानुसार युवक को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केरजु में बने क्वारंटाइन सेंटर में रखा था। इसी दौरान आज सुबह क़रीब 10 बजे युवक ने गमछा को फांसी का फंदा बनाकर पँखे से लटकर अपनी जान दे दी। वहीं इस घटना से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है।

घटना की सूचना पर सीतापुर एसडीएम दीपिका नेताम, तहसीलदार नवीन भगत, नायब तहसीलदार सूर्यकांत साय मौके पर पहुंचे थे। वहीं दोपहर 03 बजे कलेक्टर संजीव झा, जिला पंचायत सीईओ कुलदीप शर्मा अन्य अधिकारियों के साथ क्वारंटाइन सेंटर पहुंचे थे।