रायपुर। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में गांजा तस्करी के एक वारंटी को पकड़ने पहुंची छत्तीसगढ़ की रायपुर पुलिस पर ग्रामीणों ने जानलेवा हमला कर दिया। तस्कर को बचाने और पुलिस को खदेड़ने के लिए भीड़ ने न सिर्फ लाठी-डंडों से वार किया, बल्कि पथराव भी किया। इस भीषण हमले में रायपुर पुलिस के कॉन्स्टेबल जगदेव प्रसाद वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें नाजुक हालत में प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया है। खाकी पर हुए इस दुस्साहसिक हमले के बाद हरकत में आई कौशांबी पुलिस ने देर रात ही ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी। घायल जवान की शिकायत पर मुख्य आरोपी के परिजनों सहित 53 लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया गया है, जिनमें से पांच आरोपियों को दबोचा जा चुका है।
इस पूरे बवाल की स्क्रिप्ट छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से जुड़ी है, जहां के गंज थाने में कौशांबी के इचौली निवासी शिवम केशरवानी के खिलाफ गांजा तस्करी का मामला दर्ज है। विशेष एनडीपीएस कोर्ट द्वारा शिवम और उसके साथी आकाश उर्फ मास्टर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद, रायपुर पुलिस की पांच सदस्यीय टीम शुक्रवार रात कौशांबी पहुंची थी। स्थानीय पुलिस को सूचना देने के बाद रायपुर की टीम ने पहले सिराथू से आकाश को हिरासत में लिया। इसके बाद जब टीम मुख्य आरोपी शिवम केशरवानी को दबोचने के लिए इचौली गांव में उसके घर के पास घेराबंदी कर रही थी, तभी माहौल हिंसक हो गया।
गिरफ्तारी से बौखलाए शिवम के परिजनों और कुछ स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम को देखते ही ‘चोर-चोर’ का शोर मचाना शुरू कर दिया। इस अफवाह ने आग में घी का काम किया और देखते ही देखते लाठी-डंडों से लैस दर्जनों ग्रामीणों ने छत्तीसगढ़ पुलिस को चारों तरफ से घेर लिया। खुद को घिरता देख पुलिसकर्मियों ने अपनी पहचान भी बताई, लेकिन कानून को ठेंगे पर रखकर भीड़ ने उन पर हमला बोल दिया। इस दौरान बाकी पुलिसकर्मी तो किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहे, लेकिन कॉन्स्टेबल जगदेव प्रसाद भीड़ के हत्थे चढ़ गए और लहूलुहान हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोखराज थाने की पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और घायल जवान को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया। कौशांबी की अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मुख्य आरोपी शिवम, उसके भाई और रिश्तेदारों सहित 53 नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, और इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
