छत्तीसगढ़ : अश्लील फ़ोटो के ज़रिए महिला को कर रहा था ब्लैकमेल… शातिर फेसबुक फ्रेंड गिरफ़्तार

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में महिला से फेसबुक के माध्यम से जान पहचान करके उसे ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों की दोस्ती वर्ष 2016-17 में हुई थी। जिसके बाद आरोपी महिला के घर में आना-जाना भी करता था। इस बीच उसने अश्लील फोटो खींच लिए, फिर वह लगातार पैसे की मांग करने लगा। थक हार कर महिला ने 3 अप्रैल 2021 को डोंगरगांव थाने में रिपोर्ट दर्ज करवा दी।

जिले के डोंगरगांव थाना क्षेत्र में महिला को ब्लैकमेल करने वाला आरोपी निखिल खरे गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़ित महिला से दोस्ती के दौरान उसने कुछ अश्लील फोटो खींच लिए थे। जिसके बाद से वो लगातार पैसों की मांग कर परेशान कर रहा था। साल 2016-17 में दोनों की जान पहचान फेसबुक के जरिए से हुई। आरोपी ने अपनी पहचान उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में पुष्प गुप्ता के पते के रुप में बताई थी।

लेकिन जब डोंगरगांव पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में कानपुर के पते पर पहुंची, तो पता चला कि वो जिस मकान में किराए से रहता था, उस मकान मालिक को किराया दिए बगैर फरार हो गया है। और वहीं से पुलिस को पता चला कि वो उत्तर प्रदेश का नहीं बल्कि मध्यप्रदेश के शक्ति नगर भोपाल का रहने वाला है। डोंगरगांव पुलिस की टीम 8 जून को उसकी तलाश में निकली थी। जब पुलिस को उसके सही ठिकाने का पता नहीं चला, तो सायबर सेल की मदद से उसको खोजने का प्रयास किया गया। लेकिन आरोपी बड़ा ही शातिर निकला वो अलग-अलग नंबरों से व वाट्सअप के माध्यम से बातचीत करता था।

फिर पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर खोजबीन शुरू की, तो पता चला कि वह लखनऊ में छुपा हुआ है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, वहीं स्थानीय न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड पर राजनांदगांव लेकर आ गई। डोंगरगांव के थाना प्रभारी के०पी०मरकाम ने बताया कि आरोपी निखिल खरे बड़ा ही शातिर है, जिसे पकड़ने में सायबर सेल व अन्य माध्यमों की मदद लेनी पड़ी। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, आगे की विवेचना की जा रही है।