रायपुर। छत्तीसगढ़ में सत्ता और संगठन के बीच सीधा सेतु बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी का बहुचर्चित ‘सहयोग केंद्र’ सोमवार से एक बार फिर शुरू हो गया है। राजधानी स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय ‘कुशाभाऊ ठाकरे परिसर’ में अब रोजाना कैबिनेट मंत्री मौजूद रहेंगे, जो न केवल कार्यकर्ताओं की समस्याएं और सुझाव सुनेंगे, बल्कि मौके पर ही संबंधित विभागों से समन्वय कर उनका त्वरित समाधान भी निकालेंगे।
सहयोग केंद्र के नए शेड्यूल के तहत सोमवार को तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कमान संभाली और कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए। तय रोस्टर के अनुसार 6 अक्टूबर को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, 8 अक्टूबर को पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और 9 अक्टूबर को राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा कार्यकर्ताओं के बीच उपस्थित रहकर उनकी समस्याएं सुनेंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले अगस्त माह में सहयोग केंद्र का 9 दिवसीय पायलट प्रयोग बेहद सफल रहा था, जहाँ प्रदेशभर से पहुंचे कार्यकर्ताओं को सीधे अपनी सरकार के मंत्रियों से संवाद का अवसर मिला था। कार्यकर्ताओं के मिले भारी उत्साह और सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद अब पार्टी ने इसे फिर से रफ्तार दी है, ताकि अंतिम पंक्ति के कार्यकर्ता की बात सीधे सरकार के शीर्ष तक निर्बाध रूप से पहुंच सके।
