Dhamtari News: प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और गंगरेल बांध से पानी छोड़े जाने के कारण महानदी उफान पर है। जलस्तर बढ़ने से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है, लेकिन कुरुद ब्लॉक के नारी गांव में बाढ़ के बीच एक बेहद अजीबोगरीब और हैरान करने वाला नजारा देखने को मिला। नदी किनारे स्थित एक देशी-विदेशी शराब दुकान बाढ़ के पानी में जलमग्न हो गई, जिसके बाद दुकान में रखी शराब की सैकड़ों बोतलें तेज धार में बहकर महानदी के मुख्य बहाव में तैरने लगीं।
जैसे ही उफनती नदी में शराब की बोतलें तैरने की खबर फैली, नारी गांव के पुल पर ग्रामीणों और शराब के शौकीनों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। नदी के तेज और जानलेवा बहाव की परवाह किए बिना लोग ‘आपदा में अवसर’ भुनाने में जुट गए। पानी से बोतलें खींचने के लिए मौके पर ही देशी जुगाड़ तैयार किया गया। बांस के लंबे डंडों में साड़ियां, जालियां और गमछे बांधकर लोग पुल व किनारों से पानी में फेंकने लगे।
तेज लहरों को चीरती हुई बोतलों को लपकने की यह होड़ इतनी खतरनाक थी कि लोग अपनी जान की बाजी लगाने से भी नहीं झिझके। इस पूरी घटना के दौरान पुल पर भारी तमाशबीनों की भीड़ जमी रही और पूरे इलाके में यह घटना दिनभर कौतूहल और चर्चा का विषय बनी रही। जान जोखिम में डालकर बोतलें निकालने का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो बाढ़ के गंभीर संकट के बीच प्रशासनिक चौकसी और लोगों की लापरवाही पर भी सवाल खड़े करता है।
