Ambikapur News: पुलिस प्रशासन पर भारी एक अतिक्रमणकारी, स्थगन आदेश के बाद भी हो रहा निर्माण कार्य

फ़टाफ़ट न्यूज़/सीतापुर || अनिल उपाध्याय

सरगुजा… जिले के सीतापुर नगर पंचायत के वार्ड क्र-1 आदर्शनगर में एक अतिक्रमणकारी पुलिस एवं प्रशासन पर भारी पड़ता नजर आ रहा हैं। उसके हौसले इतने बुलंद हैं कि, स्थगन आदेश जारी होने के बाद भी वो शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर मकान बना रहा हैं। अतिक्रमणकारी के इस हौसले के सामने पुलिस प्रशासन पूरी तरह बेवश नजर आ रही हैं। इस अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध सरकारी अमले के उदासीनता से वार्डवासियों में असंतोष पनपने लगा हैं। लोगों का कहना हैं कि, अगर इस पर रोक नही लगाई गई तो शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण के मामले बढ़ेंगे।

विदित हो कि, नगर पंचायत वार्ड क्र-1 आदर्शनगर में पशु चिकित्सालय के पास सरकार के बेशकीमती जमीन पर अवैध रूप से अतिक्रमण किया जा रहा हैं। जिसे एक स्थानीय व्यक्ति के सहयोग से बाहरी लोगों द्वारा अतिक्रमण किया जा रहा हैं। जिसके विरोध में वार्डवासियों ने नगर पंचायत एवं राजस्व विभाग को अवगत करा अवैध अतिक्रमण पर रोक लगाने की मांग की। लोगों के आक्रोश को देखते हुए राजस्व विभाग के अधिकारी एवं पुलिस बल मौके पर पहुँचे और निर्माण कार्य बंद करा दिया। काम बंद करा अधिकारियों के वापस लौटते ही अतिक्रमणकारियों ने फिर से निर्माण कार्य शुरू कर दिया। अवैध कब्जा करने वालो का रवैया देख राजस्व विभाग ने काम बंद करने हेतु स्थगन आदेश जारी कर दिया।

इस स्थगन आदेश का असर कुछ दिनों तक देखने को मिला।उसके बाद अतिक्रमणकारी फिर सक्रिय हो गए और स्थगन आदेश के बाद भी रविवार को छुट्टी के दिन निर्माण कार्य शुरू कर दिया। लोगों द्वारा जानकारी मिलने के बाद एसडीएम के मौखिक आदेश पर मौके पर जाकर पुलिस ने काम रुकवा दिया। इसके बाद वहाँ काम कर रहे लोगो को पकड़कर पुलिस थाने ले आया। जहाँ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। थाने से छूटते ही वे सभी आदर्शनगर पहुँचे और बंद पड़े अवैध निर्माण कार्य शुरू कर दिया। स्थगन आदेश के बाद भी काम होता देख ऐसा लग रहा हैं। जैसे पुलिस प्रशासन पर अतिक्रमणकारीयो का पलड़ा भारी हैं। जिसकी वजह से पुलिस प्रशासन इन अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने से कतरा रही हैं। सरकारी अमले का यह रवैया देख वार्डवासियों में असंतोष व्याप्त हैं। लोगों का कहना हैं कि, अगर इन अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध कार्रवाई नही हुई तो यहाँ अतिक्रमण के मामले बढ़ेंगे।