अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..सरगुजा जिले के चौकी केरजु अंतर्गत ग्राम कुनमेरा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ घरेलू विवाद के चलते एक युवक ने अपने ही पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना का मुख्य कारण मां की मृत्यु के बाद होने वाले सामाजिक रीति-रिवाजों और अंतिम संस्कारों का पूरा न हो पाना बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, कुनमेरा के गुढ़ीपारा निवासी बुजुर्ग रामविलास सिंह की उनके बड़े बेटे धरम सिंह ने हत्या कर दी। जांच में यह बात सामने आई कि आरोपी की मां की मृत्यु पिछले वर्ष हुई थी, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण परिवार उनका दशकर्म और अन्य अनिवार्य सामाजिक संस्कार संपन्न नहीं कर पाया था। आरोपी धरम सिंह इस बात से गहरे मानसिक तनाव में था और वह अपनी मां की आत्मा की शांति के लिए रीति-रिवाजों को पूरा करना चाहता था। उसने कई बार अपने पिता से इस विषय पर चर्चा की, लेकिन पिता शराब के नशे में डूबे रहने के कारण अक्सर उसकी बातों को अनसुना कर देते थे।
मां की मृत्यु के एक साल बाद भी संस्कार न होने से दुखी होकर धरम सिंह ने अंततः पिता से बंटवारे में जमीन के अपने हिस्से की मांग की, ताकि उसे बेचकर वह अंतिम क्रिया-कर्म की औपचारिकताएं पूरी कर सके। पिता के इनकार करने पर विवाद बढ़ गया और आवेश में आकर धरम सिंह ने पिता की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के छोटे बेटे करम सिंह की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। चौकी प्रभारी राजेश्वर दास महंत और आरक्षक दिलसुख की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी धरम सिंह को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(3) के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
