सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र से सामूहिक दुष्कर्म का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस को भी उलझन में डाल दिया है। एक विवाहिता ने गांव के ही कुछ युवकों पर पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाने और सामूहिक दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक, वारदात के बाद जब उसे होश आया तो वह अम्बिकापुर के अस्पताल में भर्ती थी। होश में आते ही पीड़िता ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हालांकि, पुलिस की तफ्तीश जैसे ही आगे बढ़ी, इस पूरे मामले में एक बेहद चौंकाने वाला और संदिग्ध मोड़ आ गया। दरअसल, घटना वाले दिन ही पीड़िता के पति ने अम्बिकापुर के मणिपुर थाने में एक लिखित सूचना दी थी। पति के मुताबिक, उसकी पत्नी ने घर पर कीटनाशक दवा पी ली थी, जिसके कारण उसे गंभीर हालत में अम्बिकापुर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इतना ही नहीं, पति का दावा है कि अस्पताल में इलाज के दौरान ही पीड़िता वहां से अचानक कहीं चली गई थी।
एक ही तारीख को पत्नी द्वारा सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया जाना और उसी तारीख को पति द्वारा पत्नी के कीटनाशक पीने की सूचना दर्ज कराना, इस पूरे मामले को रहस्यमयी बना रहा है। दोनों पक्षों के दावों में जमीन-आसमान का अंतर होने के कारण पुलिस के सामने अब असली चुनौती सच को सामने लाने की है। जयनगर और मणिपुर पुलिस आपसी समन्वय के साथ अब अस्पताल के रिकॉर्ड, गवाहों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस उलझी हुई गुत्थी को सुलझाने में जुट गई है।
